Kangra News: हिमाचल प्रदेश में शाहपुर की बोह घाटी के अंदर बादल फटने से भारी तबाही हुई है। लोग पूरी तरह से बेहाल हैं। ऐसे में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों का दुख बांटा। उन्होंने अपनी तरफ से आर्थिक मदद दी और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े किए।
विधायक सुधीर शर्मा ने बेघर हुए लोगों को तुरंत पच्चीस हजार रुपये की फौरी राहत दी है। उन्होंने जल्द ही पच्चीस हजार रुपये की अतिरिक्त मदद देने का वादा भी किया है। इसके अलावा बर्तन और जरूरी घरेलू सामान खरीदने के लिए सभी परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये भी अलग से दिए गए हैं।
आपदा वाली जगह पर कई मकान मलबे में पूरी तरह से दब चुके हैं। लोगों की जीवन भर की कमाई, गहने, कैश और पशुधन मलबे के नीचे हैं। सुधीर शर्मा ने कहा कि लोगों को सबसे ज्यादा कपड़ों और बर्तनों की जरूरत है। इसलिए सरकार को अब युद्धस्तर पर अपना रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना चाहिए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी मशीनरी और तेज काम की मांग
विधायक ने कहा कि आपदा वाली जगह पर अभी तक पर्याप्त भारी मशीनरी नहीं पहुंची है। जो भी सामान मलबे से सुरक्षित निकाला जा सकता है, उसके लिए दिन-रात काम होना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि मौके पर एसडीआरएफ की टीमें चौबीस घंटे तैनात रहें, ताकि लोगों को जल्द राहत मिले।
सुधीर शर्मा ने सरकार की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
सुधीर शर्मा ने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मुश्किल वक्त में सरकार का कोई बड़ा मंत्री मौके पर नहीं दिखा। अगर स्थानीय विधायक बाहर थे, तो किसी अन्य नेता को भेजा जाना चाहिए था। इससे प्रशासन भी ज्यादा तेजी से काम करता। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ एक पड़ोसी के नाते आए हैं।
उन्होंने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में समाज और सरकार दोनों को मिलकर काम करना चाहिए। उधर, शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया अपना विदेश दौरा रद्द करके वापस लौट आए हैं। उन्होंने भी गुरुवार को मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू काम का जायजा लिया और लोगों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया।