Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल और अव्यवस्था रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था तैयार की है। प्रदेशभर के सभी परीक्षा केंद्रों में ऑडियो-वीडियो आधारित लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी परीक्षा केंद्रों को 5 सितंबर तक सीसीटीवी कैमरों सहित बाकी व्यवस्थाओं का ब्योरा ऑनलाइन गूगल फॉर्म के जरिए भेजने के निर्देश दिए हैं। यह व्यवस्था स्टेट ओपन स्कूल के केंद्रों पर भी अनिवार्य रूप से लागू होगी।
कैमरों की लोकेशन और एंगल को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी हुए हैं। कैमरे इस तरह लगाए जाएंगे जिससे हर छात्र की गतिविधि स्क्रीन पर साफ दिखाई दे। कोई भी हिस्सा निगरानी से बाहर नहीं रहेगा। इसके अलावा बैठने की व्यवस्था भी बोर्ड नियमों के मुताबिक रखी जाएगी।
परीक्षा कक्षों में छात्रों के बीच सही दूरी बनाए रखने और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। बोर्ड ने केंद्र प्रभारियों, पर्यवेक्षकों और निरीक्षकों को पूरी सतर्कता बरतने की हिदायत दी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई होगी।
बोर्ड का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना और नकल की संभावनाओं को खत्म करना है। नई तकनीक और लाइव मॉनिटरिंग से राज्य में परीक्षाओं का संचालन पहले से अधिक निष्पक्ष और विश्वसनीय हो सकेगा।
Share
- Advertisement -
Read more