Shimla News: हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री यादविंद्र गोमा के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई गई है। ठग इस अकाउंट के जरिए लोगों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मंत्री ने प्रदेशवासियों से विशेष सावधानी बरतने और किसी भी भ्रामक प्रोफाइल पर भरोसा न करने की अपील की है।
आयुष, युवा सेवाएं, खेल और विधि मंत्री यादविंद्र गोमा ने बताया कि साइबर अपराधियों ने ‘यादविंदर असिस्टेंट’ नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल तैयार की है। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए आम लोगों को मैसेज भेजकर व्हाट्सएप ग्रुप्स में शामिल होने के लिए लगातार न्योता दिया जा रहा है।
व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के आ रहे फर्जी मैसेज
कैबिनेट मंत्री ने साफ किया कि इस प्रोफाइल से उनका कोई सीधा या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि साइबर ठग जनप्रतिनिधियों और अफसरों की तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करते हैं। लोग किसी अनजान व्यक्ति के मैसेज, लिंक या व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ने के निमंत्रण को तुरंत नजरअंदाज करें।
उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि वे सोशल मीडिया पर किसी से अपनी पर्सनल या बैंकिंग डिटेल्स शेयर न करें। यदि किसी को यह ‘यादविंदर असिस्टेंट’ प्रोफाइल दिखाई दे, तो तुरंत इसकी रिपोर्ट करें। इससे संबंधित प्लेटफॉर्म इसे ब्लॉक कर सकेगा और ठगी की कोशिशों पर अंकुश लगेगा।
मंत्री गोमा ने जनता से आग्रह किया कि वे केवल उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से ही साइबर अपराधों को रोका जा सकता है। लोग संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधियों की रिपोर्ट दर्ज कराएं।