Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार हिमकेयर योजना को नए बीमा मॉडल में बदलने की तैयारी कर चुकी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग के इस नए प्रस्ताव को मंजूरी मिलेगी। इसके तहत पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक का सुरक्षा कवर दिया जाएगा।
बीमा कंपनियों के जरिए मिलेगा 10 लाख का उपचार कवर
नई व्यवस्था में अस्पतालों को सीधे भुगतान करने के बजाय बीमा कंपनियों के जरिए कवर मिलेगा। इसके लिए खुली निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी और कंपनी चयन के बाद लगभग तीन महीने में व्यवस्था लागू होगी। निविदा के आधार पर सालाना प्रीमियम तीन हजार से पांच हजार रुपये के बीच तय होने का अनुमान है।
राशन कार्ड के आधार पर तय होगी परिवार की पात्रता
स्वास्थ्य विभाग के प्रारूप के अनुसार राशन कार्ड के आधार पर परिवार को योजना में शामिल किया जाएगा। इसमें पति-पत्नी, बच्चों के साथ उन पर आश्रित माता-पिता शामिल होंगे, जो किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य लाभ के दायरे में न हों। नई बीमा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी होने तक मरीजों को हिमकेयर का लाभ मिलता रहेगा।