Shimla News: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रशासनिक हित में राज्य न्यायिक सेवा के जिला एवं अतिरिक्त जिला जजों के तबादला आदेश जारी किए हैं। रजिस्ट्रार जनरल विकास भारद्वाज की अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू होंगे। हालांकि सभी न्यायिक अधिकारी 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत के बाद ही नया पद संभालेंगे।
इस फेरबदल में कांगड़ा श्रम न्यायालय की पीठासीन अधिकारी परवीन चौहान की सेवाएं राज्य सरकार को सौंपी गई हैं। वह अब हिमाचल सरकार में विधि परामर्शी-सह-प्रधान सचिव विधि का अहम पद संभालेंगी। वहीं शिमला वन न्यायालय के जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय मेहता का तबादला सिरमौर के नाहन जिला एवं सत्र न्यायालय में किया गया है।
विभिन्न जिलों में नए जिला एवं सत्र न्यायाधीशों की तैनाती
किन्नौर के जिला एवं सत्र न्यायाधीश मदन कुमार को मंडी परिवार न्यायालय का प्रधान न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं मंडी परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश अमन सूद अब कांगड़ा के धर्मशाला में सेवाएं देंगे। इसके अलावा ऊना के जिला न्यायाधीश नरेश कुमार को कुल्लू और कुल्लू के न्यायाधीश प्रकाश चंद राणा को ऊना भेजा गया है।
पदोन्नति के बाद राजेश चौहान शिमला में वन मामलों के जिला न्यायाधीश बने हैं। वहीं डॉ. अबीरा बासु किन्नौर की नई जिला एवं सत्र न्यायाधीश होंगी। अधिसूचना के तहत सोलन, मंडी और नाहन के कई अतिरिक्त जजों का भी तबादला हुआ है। शिमला के वन न्यायाधीश हर महीने के तीसरे हफ्ते में ठियोग में सर्किट कोर्ट लगाएंगे।