हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शिक्षकों का प्रदर्शन लगातार नौवें दिन जारी, स्वायत्तता से समझौता न करने की चेतावनी

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता और अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा को लेकर शिक्षकों का आंदोलन लगातार नौवें दिन भी जारी रहा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (हपुटवा) के बैनर तले गुरुवार को परिसर में शिक्षकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने निर्णय लेने की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल रखने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि वे सुधार, जवाबदेही और पारदर्शिता का पूरा समर्थन करते हैं। हालांकि, इसके नाम पर विश्वविद्यालय की स्वायत्तता में कटौती को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डॉ. शिव दास कटोच ने कहा कि अनावश्यक बाहरी हस्तक्षेप से संस्थान की स्वतंत्र कार्यप्रणाली पूरी तरह प्रभावित होती है।

डॉ. जोगिंदर सकलानी ने कहा कि विश्वविद्यालय को मजबूत करने के लिए अत्यधिक नियंत्रण की जगह शैक्षणिक सुविधाओं में सुधार जरूरी है। वहीं, डॉ. अशोक बंसल ने वैधानिक निकायों को प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वायत्तता सीधे तौर पर शिक्षण, शोध और शैक्षणिक निर्णयों की आजादी से जुड़ी हुई है।

डॉ. राजेश ने समस्याओं के समाधान के लिए संवाद प्रक्रिया को जरूरी बताया। डॉ. संजय शर्मा ने ध्यान दिलाया कि एचपीयू ने पिछले 56 वर्षों में शिक्षा और शोध क्षेत्र में अहम योगदान दिया है। इस समृद्ध विरासत को बचाने के लिए स्वायत्तता कायम रखना बेहद जरूरी है।

हपुटवा अध्यक्ष प्रो. नितिन व्यास ने कहा कि 9 दिनों से जारी अभियान शिक्षकों की अटूट एकजुटता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शिमला के अलावा एचपीयू के धर्मशाला क्षेत्रीय केंद्र में भी शिक्षकों ने प्रदर्शन कर समर्थन जताया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News