Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय यानी एनएलयू शिमला के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करते हुए बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण में हर संभव मदद देने का वादा किया है ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों और छात्राओं के लिए नए हॉस्टल निर्माण में सहयोग करेगी। सुरक्षा बढ़ाने के लिए छात्राओं के हॉस्टल के चारों ओर कंटीले तारों की बाड़ लगाई जाएगी। कम वोल्टेज की समस्या सुलझाने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगेगा और ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन को हटाया जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से परिसर की बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए सरकार फंड उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा जल शक्ति विभाग को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल संकट दूर करने के लिए भी राज्य सरकार पर्याप्त बजट मुहैया कराएगी।
एनएलयू शिमला की कुलपति प्रो. प्रीति सक्सेना ने वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। समीक्षा बैठक में हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान सचिव देवेश कुमार और शिक्षा सचिव राकेश कंवर मौजूद रहे।