हिमाचल प्रदेश में जारी भारी बारिश का प्रकोप: मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, 106 सड़कें हुई बंद

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सोमवार शाम तक प्रदेश में 106 सड़कें बंद रहीं। साथ ही 66 बिजली ट्रांसफार्मर और 19 पेयजल परियोजनाएं भी ठप हो गईं। मौसम विभाग ने मंगलवार 11 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, शिमला और ऊना में भी तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने 10 और 11 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट और 14 से 16 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है। 12 और 13 अगस्त को हल्की बारिश की संभावना है।

लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से भारी नुकसान दर्ज किया गया है। 30 जून से 9 अगस्त के दौरान 157 लोगों की मौत हुई है और 257 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा दर्जनों मकान, दुकानें और गोशालाएं पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई हैं। कुल सरकारी नुकसान 88,637.55 लाख रुपये तक पहुंच चुका है।

सोमवार को धर्मशाला में सबसे ज्यादा 61.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं अर्की में 55.0 और शिमला में 40.8 मिमी बारिश हुई। ब्यास नदी के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष इमरजेंसी प्लान बनाया जा रहा है। खतरा बढ़ने पर लोगों को उनके मोबाइल फोन पर सीधा मैसेज भेजकर अलर्ट किया जाएगा।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News