Shimla News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रविवार 30 अगस्त को राज्य के कई इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं। लगातार हो रही वर्षा से 91 सड़कें बंद पड़ी हैं। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा नुकसान मंडी और कुल्लू जिलों में हुआ है। बंद सड़कों में मंडी की 28, कुल्लू की 16, कांगड़ा की 7, सिरमौर की 6, ऊना की 4, चंबा की 3 और शिमला की 2 सड़कें शामिल हैं। बिलासपुर और लाहौल-स्पीति में भी एक-एक सड़क ठप्प है।
लगातार मूसलाधार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है। कई जगहों पर जलभराव के कारण रास्ते बंद करने पड़े हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत दल यातायात व्यवस्था को दोबारा शुरू कराने के प्रयास में जुटे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कांगड़ा, सोलन, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, चंबा, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में येलो अलर्ट लागू किया गया है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम, जबकि कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश में मानसून का असर अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आवाजाही बहाल करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।