Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से जुड़े सरकारी स्कूलों में अब शिक्षकों की तैनाती चयन परीक्षा के आधार पर होगी। राज्य कैबिनेट ने डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता वाली सब कमेटी की रिपोर्ट को मंजूरी दे दी है। इसके बाद शिक्षा निदेशालय शिमला में शिक्षकों की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करेगा।
काउंसलिंग के दौरान शिक्षकों से तीन स्टेशनों के विकल्प मांगे जाएंगे। अगर कोई शिक्षक पहले से उसी सीबीएसई स्कूल में पढ़ा रहा है और उसी का विकल्प चुनता है, तो उसे प्राथमिकता मिलेगी। रिटायरमेंट के करीब पहुंच चुके शिक्षकों को उनके घर के पास वाले स्कूलों में ही तैनाती दी जाएगी।
145 स्कूलों में पहले चरण के तहत होंगे तबादले
चयन परीक्षा के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने से बड़े स्तर पर तबादले होंगे। राज्य में कुल 158 सीबीएसई स्कूल हैं, लेकिन पहले चरण में 145 स्कूलों के लिए ही नियुक्तियां की जाएंगी। परीक्षा के समय केवल 145 स्कूलों को ही मान्यता मिली थी। सरकार 75 स्कूलों में पहले ही प्रिंसिपल तैनात कर चुकी है।
काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए शिमला में 9 केंद्र बनाए गए हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इन सीबीएसई स्कूलों में 82,717 छात्रों ने एडमिशन लिया था। पहले यह आंकड़ा 78,474 था, जिसमें 11,721 बच्चे प्राइवेट स्कूलों से आए थे। हालांकि, बाद में 2217 छात्रों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।