हिमाचल प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला: 14 हजार नए पदों पर होगी भर्ती, आंगनबाड़ी और वन मित्रों का मानदेय बढ़ा

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में विभिन्न विभागों में लगभग 14,000 नए पदों को भरने और सृजित करने की स्वीकृति दी गई है।

सरकार के इस बड़े फैसले के तहत जल शक्ति विभाग में 4,090 पैरा वर्कर और 100 नए स्कूलों में सीबीएसई व्यवस्था के तहत 4,800 शिक्षण व गैर-शिक्षण पद भरे जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में 500 सहायक स्टाफ नर्स और शिक्षा विभाग में बैकलॉग कोटे के तहत 320 सहायक प्रोफेसरों की नियुक्तियां की जाएंगी।

मंत्रिमंडल ने मानदेय में भी बढ़ोतरी का अहम निर्णय लिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 1,000 रुपये बढ़ाकर 11,500 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 6,800 रुपये कर दिया गया है। वहीं वन मित्रों का मासिक मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये कर दिया गया है, जिससे हजारों कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

कृषि और पशुपालन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए दूध प्रोत्साहन योजना के तहत सहायता राशि तीन रुपये से बढ़ाकर छह रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। साथ ही मछुआरों के लिए 100 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया गया है। बोह घाटी के आपदा प्रभावित परिवारों के लिए भी विशेष राहत पैकेज मंजूर हुआ है।

प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों को गति देने के लिए कांगड़ा और मंडी जिलों में एनडीपीएस मामलों की सुनवाई के लिए विशेष अदालतें स्थापित की जाएंगी। सुजानपुर के प्रसिद्ध होली मेले को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने का निर्णय लिया गया है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News