Shimla: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की रामपुर विधानसभा सीट पर संभावित उपचुनाव से पहले सियासत गरमा गई है। यहां से छह बार के विधायक और पूर्व मंत्री सिंघी राम ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। छह साल पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए सिंघी राम के इस कदम के बाद अब उनके दोबारा कांग्रेस में वापसी करने की अटकलें तेज हो गई हैं।
शिमला जिले के रामपुर में 7 मई 1954 को जन्मे सिंघी राम ने रामपुर कॉलेज से बीए की पढ़ाई करने के बाद वकालत की डिग्री हासिल की थी। वर्ष 1982 में सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने रामपुर विधानसभा सीट से पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा और जीत हासिल की। इसके बाद वह लगातार 1985, 1990, 1993, 1998 और 2003 के विधानसभा चुनावों में विजयी रहे और विधायक बने। वीरभद्र सिंह सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2004 में वह हॉर्टिकल्चर और फूड सिविल सप्लाई मिनिस्टर (बागवानी और खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री) रहे थे। हालांकि, साल 2007 में उन्हें पार्टी टिकट नहीं मिला और उनकी जगह कांग्रेस के दिवंगत नेता नंद लाल को मैदान में उतारा गया। नंद लाल ने 2012, 2017 और 2022 में रामपुर सीट से जीत दर्ज की थी।
कांग्रेस से बगावत और बीजेपी में एंट्री
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर सिंघी राम ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी और चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। 27 अप्रैल 2019 को रामपुर दौरे पर आए तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में सिंघी राम ने आधिकारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी।
चार लाइनों के इस्तीफे में बताए निजी कारण
रामपुर से चार बार के विधायक रहे नंद लाल का गत 3 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था, जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। ऐसे माहौल में सिंघी राम ने 10 नवंबर को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल को अपना इस्तीफा भेज दिया। उन्होंने केवल चार लाइनों के अपने त्यागपत्र में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने के पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है और इसे स्पीड पोस्ट के जरिए भेजा है।
रामपुर सीट पर टिकी सबकी निगाहें
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नंद लाल ने कभी सिंघी राम का टिकट कटवाने में अहम भूमिका निभाई थी। नंद लाल आईटीबीपी में नौकरी के दौरान गांधी परिवार की सुरक्षा में कमांडो के रूप में तैनात रहे थे और 2007 में उन्होंने वीआरएस लेकर सीधा दिल्ली से टिकट हासिल किया था। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी अपने करीबी सिंघी राम के लिए टिकट सुनिश्चित नहीं कर पाए थे।
अब नंद लाल के निधन और सिंघी राम के बीजेपी से इस्तीफे के बाद रामपुर का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गया है। इसके अलावा बीजेपी से जुड़े रहे बृजलाल भी पहले ही पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में आगामी उपचुनाव को लेकर यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि कांग्रेस पार्टी इस सीट से किसे अपना उम्मीदवार बनाती है और क्या सिंघी राम की एक बार फिर कांग्रेस में घर वापसी होती है या नहीं।