धर्मशाला में आज से शुरू हो रहा हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र, प्रशासनिक इकाइयों और बिजली व्यवस्था पर होगी तीखी बहस

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: धर्मशाला में सोमवार से शुरू हो रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन ही प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की चरमराती व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से गूंजेगा। नियम 130 के तहत इन दोनों महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए विधायकों की ओर से प्रस्ताव रखे गए हैं, जिससे सदन के भीतर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी गहमागहमी देखने को मिलने के पूरे आसार हैं।

विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी 16 नवंबर यानी सत्र के पहले दिन की कार्यसूची के मुताबिक, सदन की कार्यवाही की शुरुआत शोक संदेश के साथ होगी। इस दौरान सदन के सदस्य पूर्व विधायक मेजर विजय सिंह मनकोटिया और दिवंगत विधायक नंदलाल के निधन पर अपने शोकोद्गार प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद नियम 130 के तहत विधायक केवल सिंह पठानिया प्रदेश की प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन पर विचार हेतु प्रस्ताव रखेंगे, जबकि विपक्षी विधायक जीत राम कटवाल ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर अपना प्रस्ताव पेश करेंगे।

दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और अल्पकालीन चर्चा भी शामिल

सत्र के पहले दिन नियम 62 के तहत दो अहम ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी सदन में रखे जाएंगे। इसके तहत विधायक पवन काजल हार जलाड़ी से खरटी को जोड़ने वाले पुल के निर्माण में हो रही देरी से उपजी स्थिति का मामला उठाएंगे। वहीं, विधायक राम कुमार मौजा मलपुर में पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित टूरिज्म रिसेप्शन सेंटर को एक निजी उद्योगपति द्वारा तोड़े जाने के मामले पर सदन का ध्यान आकर्षित करेंगे।

इसके अतिरिक्त, नियम 63 के तहत विधायक रणधीर शर्मा केंद्र सरकार से 16वें वित्त आयोग के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं को मिलने वाली धनराशि का कुछ हिस्सा जलशक्ति विभाग को दिए जाने का मामला सदन में उठाएंगे। इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान विधायक विभिन्न विभागों और प्रदेश से जुड़े मामलों पर सरकार से जवाब मांगेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सदन में सप्ताह की शासकीय कार्यसूची के संबंध में वक्तव्य देंगे और इसके बाद चार स्वीकृत विधेयक सभा पटल पर रखे जाएंगे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News