Mandi News: ऐतिहासिक पड्डल मैदान में खेली जा रही राज्य स्तरीय सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। रविवार को खेले गए मुकाबलों में सिरमौर, सोलन और किन्नौर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मेजबान मंडी और सोलन के बीच सबसे चर्चित मुकाबला खेला गया, जिसमें सोलन की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मंडी को 5-1 के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। वहीं, दिन का एक अन्य मुकाबला मंडी-ए और किन्नौर के बीच हुआ, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए कड़ा संघर्ष किया। किन्नौर ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे, जबकि मंडी-ए की टीम एक ही गोल कर सकी और अंततः किन्नौर ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
संतोष ट्रॉफी के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास ने जानकारी दी कि चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने बताया कि इन मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगामी संतोष ट्रॉफी के लिए हिमाचल प्रदेश की आधिकारिक फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा।