Himachal News: हिमाचल प्रदेश के किसानों को धान की फसल के एवज में 36.88 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रदेशभर में स्थापित 11 खरीद केंद्रों पर अब तक कुल 26,794.59 मीट्रिक टन धान की फसल की खरीद की जा चुकी है, जिसके लिए किसान लगातार अपनी बुकिंग करवा रहे हैं।
राज्य में धान बेचने के लिए किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा किसानों के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है, जिस पर किसान अपनी उपज बेचने के लिए पंजीकरण करवा रहे हैं। विभाग के इस पोर्टल के माध्यम से धान खरीद से जुड़ी सभी प्रकार की आवश्यक जानकारी और सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पंजीकरण और टोकन वितरण के आंकड़े
खाद्य आपूर्ति विभाग के पोर्टल पर अब तक कुल 7,714 किसानों ने धान बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। इनमें से 6,999 पंजीकरणों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया जा चुका है, जबकि 7,294 किसानों के टोकन जनरेट किए गए हैं ताकि उन्हें फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
तीन अक्टूबर से 15 दिसंबर तक चलेगी खरीद प्रक्रिया
प्रदेश के निर्धारित धान खरीद केंद्रों पर तीन अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रक्रिया आगामी 15 दिसंबर तक जारी रहेगी। खाद्य आपूर्ति विभाग की निदेशक कुमुद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा किसानों के सुगम पंजीकरण के लिए विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिस पर धान खरीद से जुड़ी हर तरह की जानकारी और अपडेट्स उपलब्ध हैं ताकि किसान समय पर अपनी उपज की बिक्री सुनिश्चित कर सकें।