Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा का आगामी शीतकालीन सत्र 16 नवंबर से धर्मशाला के तपोवन में आयोजित किया जाएगा। यह सत्र छह दिनों तक चलेगा, जिसकी अधिसूचना प्रदेश के राज्यपाल द्वारा चौदहवीं विधानसभा के 13वें (शीतकालीन) सत्र के रूप में जारी कर दी गई है। वर्तमान सुक्खू सरकार का यह कार्यकाल का आखिरी शीतकालीन सत्र होगा, क्योंकि अगले साल इसी दौरान राज्य में चुनावी प्रक्रिया शुरू होनी है।
सत्र की रूपरेखा और अस्थायी कार्यसूची
विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा की ओर से जारी अस्थायी कार्यसूची के अनुसार, सत्र की शुरुआत सोमवार, 16 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे शोकोद्गार के साथ होगी। इसके बाद विभिन्न विधायी और शासकीय कार्य संपन्न किए जाएंगे।
सत्र का विस्तृत दैनिक लेखा-जोखा इस प्रकार रहेगा:
- 16 नवंबर (सोमवार): दोपहर 2:00 बजे शोकोद्गार एवं शासकीय/विधायी कार्य।
- 17 नवंबर (मंगलवार) से 18 नवंबर (बुधवार): शासकीय एवं विधायी कार्य।
- 19 नवंबर (वीरवार): शासकीय कार्य के साथ-साथ गैर-सरकारी सदस्य कार्य।
- 20 नवंबर (शुक्रवार) और 21 नवंबर (शनिवार): शासकीय एवं विधायी कार्य।
राजनीतिक तल्खी और तीखे तेवर रहने के आसार
तपोवन में आयोजित होने वाले इस छह दिवसीय शीतकालीन सत्र के दौरान सदन के भीतर जोरदार हंगामे और सियासी गर्मागर्मी के पूरे आसार हैं। एक तरफ जहां सुक्खू सरकार अपने विधायी कार्यों को पूरा करने और अपनी उपलब्धियों को सामने रखने की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों और सरकार की प्रशासनिक नीतियों को लेकर आक्रामक तेवर अपनाने की रणनीति बना रहा है। ऐसे में ठंड के मौसम में तपोवन की वादियों का सियासी पारा चढ़ना तय माना जा रहा है।