हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र की अधिसूचना जारी, 21 अगस्त से शुरू होंगी 10 बैठकें

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मॉनसून सत्र की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि 14वीं विधानसभा का 12वां सत्र 21 अगस्त से शुरू होकर 3 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल 10 बैठकें होंगी।

राज्यपाल की मंजूरी के बाद सचिवालय ने सत्र का शेड्यूल जारी कर दिया है। 21 अगस्त को सुबह 11 बजे सत्र की पहली बैठक होगी। पिछले सत्र के बाद आपदा से नुकसान, वित्तीय स्थिति, कानून-व्यवस्था और भाजपा नेताओं पर दर्ज एफआईआर जैसे मुद्दों पर हंगामा होने की पूरी संभावना है।

छुट्टियों और खास बैठकों का तय हुआ पूरा शेड्यूल

विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार, इस बार 22 अगस्त शनिवार को भी सदन की कार्रवाई चलेगी। वहीं 28, 29 और 30 अगस्त को बैठकें नहीं होंगी। रक्षाबंधन और शनिवार-रविवार के अवकाश के कारण इन दिनों में सदन की कार्यवाही स्थगित रखी जाएगी। इसके बाद तय शेड्यूल के हिसाब से बैठकें होंगी।

सदन में 27 अगस्त का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए तय किया गया है। इस दिन प्राइवेट मेंबर्स के बिल और प्रस्ताव पेश किए जाएंगे, जिन पर सदन में विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा प्रश्नकाल, शून्यकाल और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

विधायकों ने शुरू की प्रश्न भेजने की प्रक्रिया

सत्र की अधिसूचना जारी होते ही सभी विधायकों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं से जुड़े सवाल और प्रस्ताव विधानसभा सचिवालय को भेजने शुरू कर दिए हैं। विधायक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से अपने प्रश्न भेज सकते हैं। इन सूचनाओं के आधार पर आगामी दिनों की कार्यसूची तैयार की जाएगी।

हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए इस सत्र में जोरदार हंगामे के आसार हैं। विपक्ष कई प्रमुख मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। दूसरी ओर, सत्ता पक्ष भी सरकार के फैसलों और विकास कार्यों का बचाव करने के लिए अपनी पूरी तैयारी में जुटा हुआ है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News