Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) लागू करने जा रही है। इस प्रणाली से डॉक्टरों को एक क्लिक पर मरीजों का पूरा रिकॉर्ड और मेडिकल रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके सुचारु संचालन के लिए सरकार ने 661 पदों की नियुक्ति को मंजूरी दी है।
कहां कितने पद भरे जाएंगे
राज्य सरकार ने एचएमआईएस के लिए कुल 661 डेटा एंट्री ऑपरेटरों और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इनमें से 561 पद चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हैं, जबकि शेष 100 पद राज्य के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भरे जाएंगे।
चिकित्सा शिक्षा निदेशालय शिमला में 20 पद, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में 100, लाल बहादुर शास्त्री गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज नेरचौक में 61, पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज चंबा में 50, डॉ. राजेंद्र प्रसाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज टांडा में 100, डॉ. राधाकृष्णन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में 90, डॉ. यशवंत सिंह परमार गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज नाहन में 50, रा डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला में 20 और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज चामियाना में 70 पद शामिल हैं। इसके अलावा राज्य के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में डेटा एंट्री ऑपरेटर के 100 पद भरे जाएंगे।
क्या करेंगे ये कर्मचारी
ये कर्मचारी तकनीक पर आधारित विभिन्न प्रशासनिक और संस्थागत कार्यों में सहयोग देंगे। इनमें ई-ऑफिस का संचालन, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन पत्राचार जैसे कार्य शामिल हैं। एचएमआईएस का संचालन, डेटा प्रबंधन, रिपोर्ट तैयार करना और सरकारी पोर्टल से जुड़े काम भी इनके जिम्मे होंगे।
सरकार प्रशिक्षित डेटा एंट्री ऑपरेटरों और आवश्यक कर्मचारियों को तैनात कर रही है। इससे जानकारी की समय पर एंट्री, रखरखाव और अपडेट सुनिश्चित हो सकेगा। स्वास्थ्य संस्थान डिजिटल तकनीक का बेहतर उपयोग कर पाएंगे और मरीजों की देखभाल में सुधार होगा। इनकी तैनाती से छात्रों, शिक्षण संकाय, मेडिकल और नॉन-मेडिकल स्टाफ तथा मरीजों से जुड़े डेटा प्रबंधन को सुव्यवस्थित किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य सुविधाएं अपग्रेड करना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने लोगों को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और पर्याप्त मानव संसाधन, आधुनिक तकनीक तथा बेहतर बुनियादी ढांचे के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत करने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को अपग्रेड करने को प्राथमिकता दे रही है, ताकि राज्य के निवासी यहीं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्राप्त कर सकें और उन्हें विशेष इलाज के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े।