सुजानपुर में 50 साल के लंबे इंतजार के बाद बन रहा आधुनिक बस स्टैंड, 5.45 करोड़ से तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक कस्बे सुजानपुर में 50 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कड़े निर्देशों के बाद शुरू हुए इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।

विशाल ऐतिहासिक मैदान, प्राचीन किलों, मंदिरों और सैनिक स्कूल के लिए विख्यात सुजानपुर में कई दशकों से बस स्टैंड की भारी कमी खल रही थी। यहां से हमीरपुर सहित कांगड़ा के जयसिंहपुर, पालमपुर, बैजनाथ और मंडी जिले के कई उपमंडलों के लिए सैकड़ों अंतर्राज्यीय और लोकल बसें संचालित होती हैं।

डोली में जमीन चयन के बाद दूर हुई वर्षों पुरानी अड़चन

लंबे समय से जमीन चयन को लेकर सहमति न बन पाने के कारण कस्बे में अस्थाई बस स्टैंड से ही बसों का संचालन होता रहा। इससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। मौजूदा सरकार के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण की संभावनाएं तलाशने के सख्त आदेश दिए थे।

स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने व्यापारियों और आम नागरिकों के साथ लगातार बैठकें कर सुजानपुर के डोली नामक स्थान पर बस अड्डे के निर्माण पर आम सहमति बनाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 12 मार्च 2025 को सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के शुभारंभ अवसर पर इसका विधिवत शिलान्यास किया था।

लगभग 5.45 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक बस स्टैंड अब तेजी से आकार ले रहा है। मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प के चलते दशकों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान निकला है। जल्द ही यह खूबसूरत अंतर्राज्यीय बस अड्डा जनता को समर्पित होकर यात्रियों की राह को आसान बनाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News