हमीरपुर में जेठानी की मौत का सदमा नहीं सह पाई देवरानी, एक घंटे के भीतर दोनों की गई जान

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के बदारन गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महिला की मौत का सदमा उसकी देवरानी सहन नहीं कर पाई। महज एक घंटे के भीतर ही देवरानी की भी सांसें थम गईं। रविवार शाम को एक ही आंगन से दोनों महिलाओं की अर्थियां उठीं।

रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बदारन गांव निवासी शकुंतला देवी की तबीयत अचानक खराब हुई। उनके अध्यापक बेटे विजय कुमार और अन्य परिजन उन्हें फौरन नादौन अस्पताल ले गए। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और अस्पताल में उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर से पूरे परिवार में मातम छा गया।

शकुंतला देवी के निधन की सूचना मिलते ही उनकी देवरानी कमलेश कुमारी को गहरा आघात लगा। वह सदमे में आ गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। एक तरफ जहां परिवार शकुंतला देवी के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, वहीं करीब साढ़े ग्यारह बजे कमलेश कुमारी की भी अचानक से तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों ने उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। महज एक घंटे के अंतराल में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से पूरे बदारन गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस हृदय विदारक घटना से हर कोई स्तब्ध रह गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, शकुंतला देवी और कमलेश कुमारी का रिश्ता देवरानी-जेठानी से बढ़कर सगी बहनों जैसा था। दोनों के बीच बरसों से गहरा अपनापन और स्नेह रहा था। जेठानी के अचानक दुनिया छोड़ने का गम कमलेश कुमारी का दिल सहन नहीं कर पाया। रविवार की शाम जब दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं तो हर आंख नम हो गई।

श्मशान घाट में दोनों महिलाओं की चिताएं एक साथ सजाई गईं। सैकड़ों ग्रामीणों ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी। एक ही घर से दो महिलाओं की एक साथ उठी अर्थियों ने वहां मौजूद हर शख्स को रुला दिया। इस दर्दनाक वाकए ने पूरे इलाके को गहरे सदमे और शोक में डुबो दिया है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News