Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने का जश्न मुख्यमंत्री के गृह जिला हमीरपुर में मना सकती है। इसे लेकर सरकारी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा भी की है, जबकि आगामी मंत्रिमंडल बैठक में इस विषय पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।
हालांकि अभी आयोजन स्थल और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हमीरपुर में बड़े स्तर पर समारोह आयोजित करने पर मंथन जारी है। राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से इस आयोजन को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हर साल अलग-अलग जिलों में आयोजित हुआ है सरकार का जश्न
प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल के प्रत्येक वर्ष का जश्न अलग-अलग जिलों में मनाया है। पहले वर्ष का समारोह धर्मशाला में आयोजित किया गया था, जबकि दूसरे वर्ष बिलासपुर और तीसरे वर्ष मंडी में सरकार ने अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखी थीं।
इस बार चौथे वर्ष के जश्न के लिए हमीरपुर को चुने जाने की संभावना है। विशेष बात यह है कि हमीरपुर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का गृह जिला है और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक यहां कोई बड़ा वार्षिक समारोह आयोजित नहीं हुआ है।
उपलब्धियों के साथ पेश होगा अगले एक साल का रोडमैप
चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रस्तावित इस कार्यक्रम में राज्य सरकार अपनी प्रमुख उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी फैसलों का ब्योरा जनता के समक्ष रखेगी। इसके साथ ही आगामी एक वर्ष के विकास कार्यों का रोडमैप भी प्रस्तुत किया जा सकता है। प्रशासनिक स्तर पर इस आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि प्रदेशभर में सरकार के कामकाज और भविष्य की प्राथमिकताओं का स्पष्ट संदेश दिया जा सके।