Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला अंतर्गत नादौन उपमंडल के बदारन गांव में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां जेठानी के निधन का सदमा देवरानी सहन नहीं कर पाई। महज एक घंटे के भीतर देवरानी ने भी प्राण त्याग दिए। एक ही आंगन से दो अर्थियां उठने से पूरा गांव गमगीन हो गया।
रविवार सुबह लगभग 10:30 बजे बदारन गांव निवासी शकुंतला देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उनके शिक्षक बेटे विजय कुमार और परिवार के अन्य लोग उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद अस्पताल में उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
जेठानी के जाने की खबर सुनते ही देवरानी की बिगड़ी तबीयत
घर पर जब शकुंतला देवी के निधन की सूचना पहुंची, तो उनकी देवरानी कमलेश कुमारी यह वियोग बर्दाश्त नहीं कर सकीं। वह फूट-फूटकर रोने लगीं और देखते ही देखते सुबह 11:30 बजे उनकी हालत भी नाजुक हो गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
सगी बहनों जैसा अटूट रिश्ता, एक साथ जलीं चिताएं
परिजनों के अनुसार दोनों देवरानी-जेठानी आपस में सगी बहनों की तरह स्नेह रखती थीं। दोनों में इतना गहरा लगाव था कि जेठानी का बिछोह देवरानी बर्दाश्त नहीं कर पाई। रविवार शाम श्मशान घाट पर दोनों की चिताएं एक साथ जलाई गईं। पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई।