Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा ‘बिट्टू’ ने हमीरपुर के एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान मंच से ही नगर परिषद हमीरपुर के कमिश्नर को फोन लगाकर सड़क निर्माण के निर्देश दिए। अभिभावकों द्वारा स्कूल मार्ग की खराब स्थिति की शिकायत किए जाने के बाद उन्होंने माइक पर हुई बातचीत में कमिश्नर से बजट की चिंता किए बिना पेवर ब्लॉक लगाने का ऑर्डर जारी करने को कहा।
जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को हमीरपुर स्थित न्यू गुरुकुल पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने उनके समक्ष स्कूल की करीब डेढ़ सौ मीटर लंबी सड़क की खस्ता हालत का मुद्दा उठाया। इस पर सुनील शर्मा ने अपने संबोधन के बीच में ही कमिश्नर राकेश शर्मा को फोन मिलाया और माइक के माध्यम से पूरी बातचीत वहां मौजूद लोगों को सुनाई।
बजट की चिंता न करने का दिया आश्वासन
फोन पर बातचीत के दौरान सुनील शर्मा ने कमिश्नर राकेश शर्मा से कहा कि अभिभावकों ने अपने खर्च से 400 से 500 फीट का रास्ता तैयार किया है और अब आगे का काम करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस रास्ते पर पेवर ब्लॉक और टाइल्स लगाई जानी हैं।
इसके जवाब में कमिश्नर राकेश शर्मा ने कहा कि बजट उपलब्ध होते ही काम करवा दिया जाएगा। इस पर सुनील शर्मा ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लोगों की सेवा में तत्पर हैं और बजट की कोई चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कमिश्नर से कहा कि बजट का इंतजाम हो जाएगा, इसलिए वे केवल पेवर ब्लॉक लगाने का आदेश जारी कर दें। इस बातचीत पर कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
कौन हैं सुनील शर्मा बिट्टू
हमीरपुर के वार्ड नंबर-6 के निवासी सुनील शर्मा ‘बिट्टू’ को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का करीबी माना जाता है और वे हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से अगले चुनाव के दावेदार हैं। वे पूर्व में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महासचिव व उपाध्यक्ष तथा वीरभद्र सिंह सरकार के दौरान हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के सदस्य रह चुके हैं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सुक्खू ने हमीरपुर सीट से टिकट के लिए उनके नाम की सिफारिश भी की थी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुक्खू ने सुनील शर्मा को अपना राजनीतिक सलाहकार नियुक्त कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया था। हालांकि, 17 मार्च 2026 को हिमाचल सरकार ने सुनील शर्मा सहित सात पदाधिकारियों का कैबिनेट रैंक वापस ले लिया था।