HRTC पेंशनर्स परिवार सहित उतरेंगे सड़क पर, डीए सहित 8 प्रमुख मांगों को लेकर भड़का आक्रोश

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनर्स लंबे समय से लंबित पेंशन और वित्तीय लाभों के लिए परिवार सहित शुक्रवार से आंदोलन शुरू करेंगे। शुक्रवार सुबह 11 बजे से निगम मुख्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से पेंशनर अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल होंगे।

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के पेंशनर्स का सब्र अब जवाब देने लगा है। लंबे समय से पेंशन और अन्य वित्तीय लाभों के इंतजार में बैठे बुजुर्ग अब अपने हक के लिए परिवार सहित सड़कों पर उतरेंगे। सरकार और निगम प्रबंधन से बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद मांगों पर फैसला नहीं होने से नाराज एचआरटीसी पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने शुक्रवार से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।

इस दिन सुबह 11 बजे से निगम मुख्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से पेंशनर अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल होंगे।

हर बार आश्वासन ही दिया जा रहा

समिति के महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों को हर बार आश्वासन देकर शांत करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा। 65 से 70 वर्ष की उम्र में बुजुर्गों को अपने हक के लिए कभी निगम मुख्यालय तो कभी सचिवालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

आर्थिक तंगी में इलाज करवाना भी मुश्किल

कई पेंशनर गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और अस्पतालों में भर्ती हैं। आर्थिक तंगी के कारण उनके लिए इलाज करवाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों को उम्मीद थी कि सरकार और निगम प्रबंधन वार्ता के लिए बुलाकर उनकी मांगों का समाधान करेंगे, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई।

ऐसे में अब आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने चेतावनी दी कि धरना-प्रदर्शन के दौरान पैदा होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।

पेंशनरों की प्रमुख मांगें

पेंशन के लिए मिलने वाली ग्रांट 20 करोड़ से बढ़ाकर 25 करोड़ रुपये प्रतिमाह की जाए।

डीए का एरियर और पांच प्रतिशत डीए की किस्त जारी की जाए।

जुलाई 2025 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन लगाई जाए।

सितंबर 2024 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और लीव इनकेशमेंट का भुगतान किया जाए।

संशोधित वेतनमान की 50 हजार रुपये की किस्त चार वर्ष के ब्याज सहित जारी की जाए।

राज्य सरकार के पेंशनरों के बराबर सभी प्रकार के पेंशन एरियर का भुगतान हो।

चिकित्सा बिलों का भुगतान हर महीने किया जाए।

20 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले परिचालकों को दो वेतनवृद्धियां देकर वेतन पुनर्निर्धारित किया जाए।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News