हिमाचल हाई कोर्ट ने दिव्यांग पति के तलाक को ठहराया सही, पत्नी की अपील खारिज

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने वैवाहिक क्रूरता और परित्याग के आधार पर एक दिव्यांग पति को दिए गए तलाक के फैसले को बरकरार रखा है। न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की अदालत ने पत्नी की ओर से दायर अपील को खारिज करते हुए कहा कि टूटा रिश्ता बनाए रखना खुद एक क्रूरता है।

याचिकाकर्ता और प्रतिवादी की शादी 28 अप्रैल, 2005 को हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी और उनकी एक बेटी भी है। शादी से पहले ही लड़की पक्ष को बता दिया गया था कि जलने की चोट के कारण युवक का बायां हाथ पचास प्रतिशत दिव्यांग है, जिस पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी।

शादी के बाद बदल गया व्यवहार

हालांकि, पति ने आरोप लगाया कि शादी के बाद पत्नी का व्यवहार उसके और परिवार के प्रति बेहद क्रूर हो गया। वह बार-बार आत्महत्या करने और झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देती थी, साथ ही पति की दिव्यांगता को लेकर “टुंडा कहीं का” कहकर ताने मारती थी। इसके अलावा, पत्नी बिना किसी उचित कारण के बार-बार मायके चली जाती थी और सितंबर 2008 से दोनों पूरी तरह अलग रह रहे थे।

धर्मशाला कोर्ट से पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित

इससे पहले धर्मशाला स्थित अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (तृतीय) की अदालत ने 20 मई, 2017 को हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) और (ib) के तहत पति के पक्ष में तलाक की डिक्री पारित की थी।

दोनों तरफ की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट का फैसला

पत्नी ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी और आरोप लगाया था कि पति के दुर्व्यवहार के कारण उसे मायके जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। दोनों पक्षों की दलीलें और गवाहों के बयान सुनने के बाद हाई कोर्ट ने पाया कि पत्नी अपने आरोपों के पक्ष में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सकी। वहीं, गवाहों के बयानों से यह साबित हुआ कि पत्नी ने पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और बिना किसी ठोस वजह के उसका परित्याग किया।

खत्म हो चुका है विश्वास

अदालत ने कहा कि दोनों पक्ष 2008 से अलग रह रहे हैं और उनके बीच विश्वास पूरी तरह खत्म हो चुका है। इस विवाह के दोबारा जुड़ने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में निचली अदालत के फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं बनता।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News