Manali News: दिल्ली-एनसीआर में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के राष्ट्रीय स्तरीय टूर्नामेंट में डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। विद्यालय के खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि से स्कूल सहित पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
वॉलीबॉल में चमके खिलाड़ी, जीते स्वर्ण पदक
दिल्ली-एनसीआर में 24 से 26 अक्टूबर के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में डीएवी मनाली की अंडर-14 और अंडर-17 बालक वॉलीबॉल टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दोनों ही वर्गों की टीमों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अंडर-14 बालक वर्ग की विजेता टीम में सूर्यांश, मनु, दक्ष, कार्तिक और सक्षम शामिल रहे। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग में स्वारित और वीरेश ने अपनी टीम के साथ शानदार समन्वय दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और विद्यालय की झोली में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ी।
कराटे प्रतियोगिता में जीते तीन कांस्य पदक
वॉलीबॉल के अलावा कराटे प्रतियोगिता में भी डीएवी मनाली के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक अपने नाम किए। इनमें अंडर-14 बालिका वर्ग से वीनुका, अंडर-17 बालिका वर्ग से सिहोना ठाकुर और अंडर-19 बालक वर्ग से अभि शर्मा शामिल रहे।
खिलाडिय़ों के इस बेहतरीन प्रदर्शन पर विद्यालय की प्राचार्या निरुपमा बेदी ने सभी विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।