मुज़फ़्फ़रनगर में हिमाचल एनसीबी की बड़ी कार्रवाई, जिला परिषद मार्केट की मेडिकल एजेंसी के संचालक को अपने साथ ले गई टीम

Share

- Advertisement -

Muzaffarnagar: हिमाचल प्रदेश की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) यूनिट ने शुक्रवार शाम मुज़फ़्फ़रनगर के जिला परिषद मार्केट स्थित एक मेडिकल एजेंसी पर औचक कार्रवाई की। टीम ने गायत्री मेडिकल एजेंसी की गहन जांच करने के बाद उसके संचालक को अपने साथ ले लिया, जिससे स्थानीय दवा व्यापारियों में अफरातफरी मच गई।

गायत्री मेडिकल एजेंसी पर जांच और संचालक से पूछताछ

जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश से आई नारकोटिक्स टीम शुक्रवार शाम करीब 5 बजे जिला परिषद के बीएसए कंपाउंड की प्रथम तल पर स्थित गायत्री मेडिकल एजेंसी पहुंची। टीम ने एजेंसी पर लंबी जांच-पड़ताल की और संचालक से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि हिमाचल में दवा से जुड़े एक मामले की चल रही जांच के दौरान इस कारोबारी का संदिग्ध दवाओं के कारोबार से जुड़ाव सामने आया है, जिसके सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत और पुष्ट जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।

जिला औषधि निरीक्षक और केमिस्ट एसोसिएशन ने की पुष्टि

जिला औषधि निरीक्षक देशबंधू विमल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें जिला परिषद मार्केट में हिमाचल से आई नारकोटिक्स टीम की कार्रवाई की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को उनकी ड्यूटी सहारनपुर में ब्लड बैंक की जांच के सिलसिले में लगी थी, जिसके कारण वह मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने यह भी बताया कि गायत्री मेडिकल एजेंसी पहले अंसारी रोड पर संचालित होती थी, जिसे कुछ समय पहले ही जिला परिषद मार्केट में स्थानांतरित किया गया था। इस मामले की पूरी जानकारी शनिवार को ली जाएगी।

मुज़फ़्फ़रनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुभाष चौहान ने भी जिला परिषद मार्केट में एनसीबी की रेड की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम ने गायत्री मेडिकल एजेंसी की जांच की और संचालक को अपने साथ ले गई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News