Himachal Pradesh News: कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश में नए जिलों के गठन पर जनगणना के बाद ही विचार होना चाहिए, क्योंकि इससे प्रशासनिक खर्च बढ़ सकता है। उन्होंने महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए और कहा कि महिला आरक्षण के लिए 2011 की जनगणना आधार बन सकती है।
हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन का जहां कई नेता और मंत्री विरोध कर रहे हैं, तो वहीं कुछ समर्थन में हैं। अब कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने सीधे तौर पर तो विरोध नहीं किया है, लेकिन सरकार को नसीहत दी है।
उन्होंने नए जिले बनाने की मांग पर भी अपनी राय स्पष्ट कर दी है। प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच कृषि मंत्री ने साफ कहा कि जनगणना पूरी होने के बाद ही नए जिलों के गठन पर विचार किया जाना चाहिए।
उनका यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि वह प्रदेश की कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और नए जिले बनाने को लेकर प्रदेश में राजनीतिक तथा प्रशासनिक स्तर पर चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में चंद्र कुमार का यह रुख सरकार के भीतर इस मुद्दे पर अलग-अलग विचारों की ओर भी संकेत करता है।
उन्होंने कहा कि अभी नए जिले बनाने की चर्चा करना जल्दबाजी होगी। पहले जनगणना पूरी होनी चाहिए और उसके बाद जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर प्रशासनिक जरूरतों का आकलन किया जाना चाहिए। बिना ठोस आंकड़ों और जरूरत के नए जिले बनाना सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल सकता है।
नए जिले बने तो बढ़ेगा प्रशासनिक खर्च?
कृषि मंत्री ने नए जिलों के गठन की आवश्यकता पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि नया जिला बनाने के लिए उपायुक्त कार्यालय से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रशासनिक सुविधाओं का अलग ढांचा तैयार करना पड़ता है। इससे सरकार पर खर्च बढ़ेगा और विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट का बड़ा हिस्सा प्रशासनिक व्यवस्था पर खर्च हो सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में तहसील, ब्लॉक और विभागीय कार्यालयों के माध्यम से लोगों को कई सुविधाएं मिल रही हैं। डिजिटल सेवाओं के विस्तार से सरकारी कामकाज भी आसान हुआ है। लोग घर बैठे कई सरकारी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। ऐसे में नए जिले बनाने के बजाय मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।
चंद्र कुमार ने कहा कि सड़क नेटवर्क और संपर्क सुविधाओं में सुधार के कारण बड़े जिलों में भी आवागमन पहले की तुलना में आसान हुआ है। लोग एक ही दिन में जिला मुख्यालय पहुंचकर अपने काम निपटा सकते हैं और वापस लौट सकते हैं। ऐसे में नए जिले बनाने से पहले यह देखना जरूरी है कि इससे आम जनता को वास्तविक लाभ कितना मिलेगा।
महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन का खेल
हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री एवं पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन का राजनीतिक खेल खेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पहले देश में हिंदू-मुसलमान के नाम पर विभाजन की राजनीति की और अब उत्तर और दक्षिण भारत के बीच राजनीतिक खाई पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
चंद्र कुमार ने लोकसभा की सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने की चर्चाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन किया गया तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान दक्षिण भारत के उन राज्यों को उठाना पड़ सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों को इसकी सजा नहीं मिलनी चाहिए।
कृषि मंत्री ने बिना जनगणना परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर भी सवाल उठाते हुए इसे असंवैधानिक करार दिया। चंद्र कुमार ने कहा कि परिसीमन कोई सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी तय होती है। इसलिए इस पर सभी राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यापक सहमति बननी चाहिए।
महिला आरक्षण पहले ही पारित, फिर परिसीमन की जरूरत क्यों?
चंद्र कुमार ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक संसद में पहले ही पारित हो चुका है। ऐसे में इसे लागू करने के लिए परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को प्रमुख मुद्दा बनाना समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जा सकता है। केंद्र सरकार को महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के मुद्दे को परिसीमन से जोड़कर नए राजनीतिक विवाद को जन्म नहीं देना चाहिए।