Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के लुहणू मैदान में 18 से 21 अक्तूबर तक प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी का बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में हिमाचल प्रदेश और मुंबई की टीमें आमने-सामने होंगी। इस आयोजन को लेकर स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
मुंबई की टीम में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े सितारे शामिल हैं। इनमें अजिंक्य रहाणे, सरफराज खान, शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे और मुशीर खान जैसे दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। बिलासपुर क्रिकेट संघ ने इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि एचपीसीए के साथ मिलकर मैदान और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इतनी मजबूत टीमों का मैच बिलासपुर में होना गौरव की बात है। क्रिकेट प्रेमी 18 अक्तूबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
स्टार बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे इस मैच के मुख्य आकर्षण होंगे। उनकी शानदार बल्लेबाजी तकनीक को लाइव देखना दर्शकों के लिए बेहद खास अनुभव रहेगा। इसके साथ ही सरफराज खान की आक्रामक बल्लेबाजी, शार्दुल ठाकुर और शिवम दुबे का ऑलराउंडर प्रदर्शन भी बिलासपुर में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगा।
दूसरी ओर हिमाचल की टीम भी अपने घरेलू मैदान पर पूरा दमखम दिखाएगी। हिमाचल टीम में अंकुश बैंस, अनुभवी ऑलराउंडर ऋषि धवन, आकाश वशिष्ठ, वैभव अरोड़ा, मयंक डागर, अर्पित गुलेरिया और निखिल गांगटा शामिल हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज अंकुश बैंस और ऋषि धवन पर टीम की मुख्य उम्मीदें टिकी होंगी।
बिलासपुर के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। लंबे समय बाद जिले में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के स्टार खिलाड़ियों को एक साथ खेलते देखने का सुनहरा मौका मिल रहा है। युवा क्रिकेटरों के लिए यह मैच एक खास क्लास की तरह होगा।