Kangra News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़े पैमाने पर नाम काटने और नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने बिना तथ्यों के किसी पर आरोप लगाने को पूरी तरह अनुचित ठहराया है।
शनिवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि बिना किसी ठोस तथ्य और आधिकारिक स्पष्टीकरण के किसी पर आरोप लगाना सही नहीं है।
उन्होंने विपक्ष पर अपनी चुनावी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव आयोग ने अपने सभी फैसले पूरी तरह से नियमों के तहत ही लिए हैं। विपक्ष केवल अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है।
राजनीतिक बयानबाजी के अलावा अनुराग ठाकुर ने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने एक ही दिन में एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल छह पदक अपने नाम किए हैं। उन्होंने हिमाचल के खिलाड़ियों को बधाई दी।