टांडा मेडिकल कॉलेज में 23.53 करोड़ की 3-टेस्ला एमआरआई मशीन समर्पित, रोबोटिक सर्जरी और 256 स्लाइस सीटी स्कैन का आश्वासन

Share

- Advertisement -

Kangra News: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की है। संस्थान में यह दूसरी एमआरआई मशीन है। मुख्यमंत्री ने रोबोटिक आर्म्स, 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन देने और जांच की प्रतीक्षा अवधि शून्य करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांगड़ा जिला के डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में 23.53 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन जनता को समर्पित की। उन्होंने कहा कि इस मशीन के लगने से टांडा चिकित्सा महाविद्यालय उन्नत नैदानिक उपचार, चिकित्सा शिक्षा और रोगी देखभाल के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संस्थान में स्थापित यह दूसरी एमआरआई मशीन है। इससे पहले यहां 1.5-टेस्ला एमआरआई मशीन के माध्यम से मरीजों को जांच सेवाएं दी जा रही थीं। नई 3-टेस्ला एमआरआई मशीन शुरू होने से संस्थान की जांच क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को अधिक स्पष्ट तथा उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग सुविधा मिल सकेगी। इससे शरीर की आंतरिक संरचनाओं का सूक्ष्म अध्ययन कर जटिल बीमारियों का सटीक निदान संभव होगा।

सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं और जांच की प्रतीक्षा अवधि पर जोर

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यह मशीन टांडा चिकित्सा महाविद्यालय की नैदानिक क्षमताओं को मजबूत करने और इसे प्रदेश के अग्रणी चिकित्सा एवं सुपर स्पेशियलिटी संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत कर लोगों को प्रदेश में ही आधुनिक, किफायती और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि मरीजों को विशेषज्ञ इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।

चिकित्सा महाविद्यालय के संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने संस्थान में उन्नत सर्जरी के लिए नए रोबोटिक आर्म्स उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही, एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं बिना प्रतीक्षा अवधि के उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए और कहा कि प्रतीक्षा अवधि शून्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

256 स्लाइस सीटी स्कैन, पीजी सीटों और किडनी प्रत्यारोपण का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में 256 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को पदोन्नत किया गया है और शेष श्रेणियों के कर्मचारियों को भी शीघ्र पदोन्नति देने के प्रयास जारी हैं।

सुक्खू ने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से इस वर्ष एक साथ 320 पीजी सीटों की वृद्धि की गई है, जिससे प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में पीजी सीटों की संख्या 277 से बढ़कर 597 हो गई है। उन्होंने संस्थान में 28 किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए जाने पर चिकित्सकों की सराहना भी की।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी, टांडा चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News