Health News: ‘एन एप्पल ए डे, कीप्स डॉक्टर अवे’ कहावत सालों से मशहूर है। हालांकि, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर शुभम वत्स्य के अनुसार रोजाना केला खाना सेब की तुलना में अधिक फायदेमंद है। यह न केवल बजट फ्रेंडली है, बल्कि सेहत और पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है।
डॉक्टर वत्स्य के मुताबिक केला एक बेहतरीन स्नैक है, जो डाइजेस्टिव हेल्थ को मजबूती देता है। रिसर्च से यह साबित हो चुका है कि केले में प्रीबायोटिक फाइबर और रेजिस्टेंस स्टार्च होता है। यह गट बैक्टीरिया को पोषण देकर पेट की अंदरूनी परत की मरम्मत करता है।
पेट की सेहत को सुरक्षा और एंटी-अल्सर प्रभाव
पाचन में सुधार के साथ केले में ऐसे प्राकृतिक गुण होते हैं जो पेट की लाइनिंग की सुरक्षा करते हैं। शोध के अनुसार कच्चे केले में एंटी-अल्सर प्रभाव पाए जाते हैं। रोजाना केला खाने से पेट के भीतर एक प्रोटेक्टिव लेयर बनती है, जो कई तकलीफों को दूर रखती है।
इसके अलावा केले में पोटैशियम की प्रचुर मात्रा पाई जाती है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में अहम भूमिका निभाती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स बॉडी के ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को घटाते हैं। इसी वजह से यह दिल की सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद फल माना जाता है।
प्रोसेस्ड और फ्राइड स्नैक्स को केले से बदलें
अगर आप किसी हेल्दी स्नैक का विकल्प तलाश रहे हैं, तो केला सबसे अच्छा चुनाव है। डॉक्टर प्रोसेस्ड और फ्राइड फूड्स की जगह केले का सेवन करने की सलाह देते हैं। यह फल देश के हर हिस्से में आसानी से उपलब्ध है और जेब पर भी भारी नहीं पड़ता।
किसी महंगी या फैंसी डाइट को फॉलो करने के बजाय साधारण और पौष्टिक आहार अपनाना लंबे समय तक फायदेमंद होता है। अपनी दैनिक डाइट में केले को शामिल करके आप बिना ज्यादा खर्च किए बेहतर डाइजेशन और ओवरऑल हेल्थ का लाभ आसानी से उठा सकते हैं।