आंध्र प्रदेश: मलेरिया की दवा खाने से सात साल की बच्ची की मौत, 52 लोग बीमार, सीएम ने दिए जांच के आदेश

Share

- Advertisement -

Polavaram News: आंध्र प्रदेश के पल्लावरम जिले में मलेरिया से बचाव के लिए बांटी गई दवा खाने के बाद बड़ा हादसा हुआ है। क्लोरोक्वीन की गोलियां लेने से सात साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 52 ग्रामीण बीमार पड़े हैं। सभी प्रभावितों का अस्पताल में इलाज जारी है।

तेलंगाना सीमा से सटे गोलागुप्पा गांव में मलेरिया की रोकथाम के तहत स्वास्थ्य विभाग ने 71 ग्रामीणों को दवा दी थी। गोलियां खाने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

अस्पताल में बच्ची ने तोड़ा दम, कई मरीज भर्ती

प्रशासन ने 29 मरीजों को तेलंगाना के अस्पताल और 24 अन्य को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दूसरी कक्षा की छात्रा माडिवी जमुना ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार अन्य सभी उपचाराधीन मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है और वे खतरे से बाहर हैं।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से मामले की पूरी रिपोर्ट तलब की है। सरकार ने पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और दवाओं की गुणवत्ता की गहन पड़ताल करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

गांव में विशेष मेडिकल कैंप स्थापित, जांच जारी

जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काकीनाडा सरकारी अस्पताल से नौ डॉक्टरों की मेडिकल टीम गांव भेजी गई है। इसके अलावा विजयवाड़ा और राजमहेंद्रवरम से अतिरिक्त मेडिकल टीमें भी मौके पर बुलाई गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने गांव में अस्थायी मेडिकल कैंप लगाकर निगरानी बढ़ा दी है। विशेषज्ञ डॉक्टर घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि दवा के रिएक्शन की मुख्य वजह क्या थी और क्या दवा वितरण में कोई बड़ी लापरवाही हुई थी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News