Hamirpur News: तहसील बिझड़ी के अंतर्गत दी सोहारी कृषि सेवा सहकारी सभा की नई प्रबंधक समिति के चुनाव 21 दिसंबर को तय किए गए हैं। सभा के सचिव संदीप कुमार ने बताया कि पूरी इलेक्शन प्रोसेस 14 सितंबर से शुरू हो चुकी है। सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी की जा रही हैं।
सचिव के अनुसार प्रोविजनल वोटर लिस्ट 1 नवंबर को जारी की जाएगी। इस लिस्ट पर 18 नवंबर तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त आपत्तियों के समाधान के बाद 22 नवंबर को फाइनल वोटर लिस्ट पब्लिश होगी। इसके बाद 23 नवंबर को इलेक्शन ऑफिसर चुनाव का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेंगे।
नामांकन प्रक्रिया और जांच को लेकर तय हुआ पूरा कार्यक्रम
उम्मीदवार 7 और 8 दिसंबर को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक अपना नॉमिनेशन फाइल कर सकते हैं। 9 दिसंबर को नॉमिनेशन पेपर्स की स्क्रूटनी होगी, जबकि 11 दिसंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उम्मीदवारों को 19 दिसंबर को इलेक्शन सिंबल अलॉट होंगे और दोपहर 2 बजे कैंपेन थम जाएगा।
मतदान और चुनाव में भाग लेने से जुड़ी जरूरी शर्तें
मतदान 21 दिसंबर को सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक चलेगा और शाम को रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे। सचिव ने स्पष्ट किया कि कैंडिडेट्स को अपने वार्ड से एक प्रस्तावक और समर्थक लाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही डिफाल्टर कर्जदार और उनके गारंटर चुनाव लड़ने के पात्र नहीं होंगे।
