Mumbai News: अपनी रिलीज से पहले लगातार सुर्खियों में बनी फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की टीम ने महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) के कमिश्नर तुकाराम मुंडे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और निर्माता उपस्थित रहे।
इस बैठक में फिल्म की मुख्य कलाकार काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े, निर्देशक चेतन डीके तथा लेखक-निर्माता सागर बी. शिंदे शामिल थे। इस आत्मीय मुलाकात ने फिल्म और उसके सामाजिक संदेश को लेकर चल रही सकारात्मक चर्चा को और ज्यादा मजबूती दी है।
तुकाराम मुंडे ने फिल्म की पहल को सराहा
अपनी ईमानदार कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले तुकाराम मुंडे ने खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर विषय को सिनेमा पर लाने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर समर्थन व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की कि एक सार्थक फिल्म बनी है।
अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने भी तुकाराम मुंडे की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित के प्रति उनके समर्पण की जमकर तारीफ की। जी स्टूडियोज और एमआईजी प्रोडक्शन के सहयोग से बनी यह फिल्म 24 जुलाई, 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल में रिलीज होगी।
खाद्य सुरक्षा और मिलावट जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है फिल्म
यह फिल्म कीटनाशक आधारित खेती और खाद्य पदार्थों में मिलावट जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को उठाने के कारण पहले से ही चर्चा में है। इसकी कहानी उजागर करती है कि कैसे ये समस्याएं आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर गहरा और विपरीत असर डाल रही हैं।
फिल्म का सह-निर्माण स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदाने, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी ने मिलकर किया है। फिल्म की तकनीकी टीम में छायांकन निशांत भागवत, संगीत मंगेश धाकड़े, संपादन आशीष म्हात्रे और साउंड डिजाइन अनमोल भावे का है।