New Delhi News: सनी देओल अभिनीत हिंदी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के निर्माताओं ने दिल्ली हाईकोर्ट को आश्वासन दिया है कि वे फिल्म और इसके ट्रेलर में उचित अस्वीकरण (डिस्क्लेमर) जोड़ेंगे। चिकित्सकों द्वारा फिल्म में डॉक्टरों की नकारात्मक छवि दिखाने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने याचिका का निस्तारण कर दिया।
हिंदी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के निर्माताओं ने दिल्ली उच्च न्यायालय को आश्वासन दिया है कि वे फिल्म और उसके ट्रेलर में स्पष्ट अस्वीकरण (डिस्क्लेमर) जोड़ेंगे। फिल्म निर्माता कंपनी ‘एम एम मूवीज’ ने न्यायमूर्ति अमित महाजन को बताया कि सनी देओल अभिनीत इस फिल्म में यह स्पष्ट किया जाएगा कि यह एक काल्पनिक कहानी है और मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का हिंदी रूपांतरण मात्र है।
याचिका में टीजर हटाने और जांच की थी मांग
दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में कार्यरत डॉ. निशांत सोनी, डॉ. आशीष तोमर, डॉ. रवि भाटिया और डॉ. शिवम वत्सल ने अदालत में यह याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि फिल्म में निजी अस्पतालों के चिकित्सकों को कथित तौर पर भ्रष्ट दिखाया गया है, जिससे अग्रिम पंक्ति में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ प्रतिकूल माहौल बन सकता है और हिंसा भड़कने की आशंका है।
चिकित्सकों ने संबंधित अधिकारियों को सिनेमैटोग्राफ अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत टीजर की जांच करने का निर्देश देने का अनुरोध किया था। साथ ही, जांच पूरी होने तक ऑनलाइन मंचों से टीजर हटाने या उस तक पहुंच रोकने की मांग भी की गई थी।
अभी तक नहीं मिला है सेंसर बोर्ड का प्रमाणपत्र
सुनवाई के दौरान निर्माता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता ने याचिकाकर्ताओं की आशंकाओं को निराधार बताया। उन्होंने दलील दी कि ‘सूर्या’ मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का रीमेक है, जिस पर कभी कोई प्रतिबंध नहीं लगा और जिसे कई राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। वहीं, संबंधित अधिकारियों के अधिवक्ता ने अदालत को जानकारी दी कि फिल्म को अभी तक केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणपत्र नहीं मिला है।
निर्माताओं के आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए न्यायमूर्ति अमित महाजन ने 17 नवंबर को अपने आदेश में कहा, “याचिकाकर्ताओं की ओर से जताई गई आशंकाओं और प्रतिवादी संख्या चार (एम एम मूवीज) की ओर से दिए गए इस आश्वासन को ध्यान में रखते हुए याचिका का निस्तारण किया जाता है कि फिल्म और उसके ट्रेलर में उचित अस्वीकरण जोड़ा जाएगा। इसमें स्पष्ट किया जाएगा कि फिल्म एक काल्पनिक रचना है और मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का रूपांतरण मात्र है।”
20 नवंबर को प्रस्तावित थी रिलीज, फिलहाल टली
चिकित्सकों के चित्रण को लेकर चिकित्सा संगठनों की आपत्तियों के बीच फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज स्थगित कर दी गई है। यह फिल्म पहले 20 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन निर्माताओं ने सीबीएफसी की प्रमाणन प्रक्रिया पूरी होने तक इसे टालने का फैसला किया है। प्रमाणपत्र मिलने के बाद नई रिलीज तारीख घोषित की जाएगी।
एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के अलावा रवि किशन और प्रज्ञा जायसवाल भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। वर्ष 2018 में रिलीज हुई मूल मलयालम फिल्म ‘जोसफ’ का निर्देशन भी एम. पद्मकुमार ने ही किया था, जिसकी कहानी एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी द्वारा निजी अस्पताल से जुड़े मानव अंगों की अवैध तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश करने पर आधारित है।