फिल्म रामायण पर कानूनी शिकंजा, निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के खिलाफ पुलिस शिकायत

Share

- Advertisement -

Mumbai News: रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी के खिलाफ मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) थाने में पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है। हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता सतीश कोचरेकर ने आरोप लगाया है कि फिल्म में वाल्मीकि रामायण के कथानक से छेड़छाड़ की गई है और रावण का महिमामंडन हुआ है।

शिकायत में कहा गया है कि फिल्म में रावण को गरीबों को सोने के घर देने वाले, शोषितों के उद्धारक और महिलाओं के सम्मान के रक्षक के रूप में दिखाया गया है। वहीं, हथियारों से लैस भगवान राम और लक्ष्मण को रावण की सेना के सामने डरकर पीछे हटते और भागते हुए दिखाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह मूल रामायण की कथा से बिल्कुल अलग प्रस्तुति है।

शिकायत में क्या-क्या आरोप लगाए गए

शिकायत में यह भी आरोप है कि फिल्म में भगवान राम द्वारा खर-दूषण नाम के राक्षसों से क्षमा मांगने जैसे काल्पनिक और मनगढ़ंत प्रसंग जोड़े गए हैं। कोचरेकर का आरोप है कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर फिल्म में वाल्मीकि रामायण को बुरी तरह तोड़ा-मरोड़ा गया है और इससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि जांच के लिए फिल्म की पूरी आधिकारिक प्रति, पटकथा, संवाद और आधिकारिक उपशीर्षक (सबटाइटल) हासिल किए जाएं। साथ ही हर आपत्तिजनक दृश्य का सटीक समय (टाइमस्टैंप) सबूत के तौर पर सुरक्षित रखा जाए। मूल ग्रंथ और फिल्म में किए गए बदलावों की तुलना के लिए वाल्मीकि रामायण के विद्वानों, संस्कृत विशेषज्ञों और धर्मशास्त्रियों की राय भी ली जाए।

फिल्म को लेकर पहले से जारी है विवाद

फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और तब से ही इस पर बहस छिड़ी हुई है। आलोचकों का कहना है कि फिल्म में महाकाव्य से जुड़े कई तथ्यों को बदला गया है और रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर कई प्रसंग मनमाने ढंग से जोड़े गए हैं। इससे पहले 21 नवंबर को विश्व हिंदू परिषद ने फिल्म का सेंसर प्रमाण पत्र रद्द करने और इसकी स्क्रीनिंग तुरंत रोकने की मांग की थी।

विश्व हिंदू परिषद के महासचिव बजरंग लाल बागड़ा ने आरोप लगाया था कि फिल्म में अहिल्या उद्धार, निषादराज गुहा से मित्रता और केवट की भक्ति जैसे अहम प्रसंगों का उल्लेख तक नहीं है। उनका कहना था कि फिल्म में भगवान राम के राक्षसों के संहार के महान उद्देश्य को पत्नी के हरण का बदला लेने की व्यक्तिगत लड़ाई के रूप में दिखाया गया है।

फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसका निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियो ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News