Jaipur News: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी की बेटी सरायाह की पहली झलक जयपुर एयरपोर्ट पर कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कपल ने मीडिया से अपनी बेटी की तस्वीरें और वीडियो साझा न करने की अपील की है, ताकि बच्ची सामान्य बचपन जी सके।
बॉलीवुड के चर्चित दंपति सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी मंगलवार को अपनी बेटी सरायाह के साथ जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद कैमरों में पहली बार उनकी बेटी का चेहरा कुछ सेकंड के लिए रिकॉर्ड हो गया। जैसे ही कियारा की नजर कैमरों पर पड़ी, उन्होंने तुरंत एक कपड़े से बेटी का चेहरा ढक दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सिद्धार्थ और कियारा ने मीडिया से विशेष अनुरोध किया है कि उनकी बेटी के चेहरे वाली तस्वीरें और वीडियो प्रकाशित न किए जाएं। दंपति का कहना है कि वे चाहते हैं कि उनकी बेटी बिना किसी सार्वजनिक दबाव के अपना बचपन जी सके। एयरपोर्ट पर सिद्धार्थ नीले रंग के ट्रैक सूट में बेटी को गोद में लिए हुए थे, जबकि कियारा उनके साथ चल रही थीं।
दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं सिद्धार्थ-कियारा
सिद्धार्थ और कियारा ने अक्टूबर 2026 में सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी प्रशंसकों के साथ साझा की थी। उन्होंने एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें दोनों के साथ उनकी बेटी सरायाह के हाथ भी नजर आ रहे थे और हाथों में सफेद रंग के हाथ से बुने छोटे मोजे थे। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा था, “एक बार फिर हमें जिंदगी का सबसे अनमोल तोहफा मिला है। हमारा दिल प्यार और आभार से भरा हुआ है।”
इससे पहले, फरवरी 2025 में दंपति ने पहली प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी और जुलाई 2025 में मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में कियारा ने बेटी को जन्म दिया था। बता दें कि सिद्धार्थ और कियारा की प्रेम कहानी फिल्म ‘शेरशाह’ की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी। दोनों ने फरवरी 2023 में राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में शादी की थी।
मातृत्व और काम के संतुलन पर कियारा के विचार
कियारा आडवाणी ने इससे पहले एक बातचीत में बताया था कि मां बनने के बाद उन्होंने आलिया भट्ट और कटरीना कैफ से काफी बातचीत की थी। ‘कॉफी विद करण’ शो के दौरान करण जौहर ने भी उल्लेख किया था कि कियारा अपने मातृत्व के शुरुआती दिनों में आलिया से फोन पर सलाह लेती थीं।
कियारा के अनुसार, मां बनने के बाद शूटिंग पर वापसी करना और परिवार के साथ समय बिताने के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा था कि हर मां को कभी न कभी इस बात का अपराधबोध महसूस होता है कि वह अपने बच्चे और काम के बीच सही तालमेल बिठा पा रही है या नहीं। ऐसे में अन्य माताओं से उनके अनुभव जानने से काफी मदद मिलती है।