Mumbai News: शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म ‘किंग’ ने रिलीज से 51 दिन पहले ही बड़ा वित्तीय कारोबार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म ने थिएट्रिकल, डिजिटल, म्यूजिक और सैटेलाइट राइट्स बेचकर करीब 665 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं, जिससे फिल्म रिलीज से पहले ही मुनाफे में आ गई है।
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ ने सिनेमाघरों में आने से पहले ही बॉक्स ऑफिस के वित्तीय समीकरणों में अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। आगामी 24 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म ने प्री-रिलीज बिजनेस के जरिए अपने बजट से अधिक की कमाई कर ली है। ‘पठान’ की बड़ी सफलता के बाद यह तिकड़ी एक बार फिर साथ आ रही है।
पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ‘किंग’ का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मारफ्लिक्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म का कुल बजट लगभग 540 से 560 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है, जिसमें प्रोडक्शन लागत, कलाकारों की फीस और पोस्ट-प्रोडक्शन का खर्च शामिल है। बजट के मामले में यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बन गई है।
थिएट्रिकल और ओवरसीज राइट्स से 425 करोड़ की डील
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म ‘किंग’ ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अब तक की सबसे बड़ी ओवरसीज मिनिमम गारंटी डील हासिल की है। फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये में तय किए गए हैं।
इसके साथ ही घरेलू बाजार में भारत के थिएट्रिकल राइट्स पेन मरुधर ने 250 करोड़ रुपये के एडवांस सौदे में खरीदे हैं। इस प्रकार घरेलू और विदेशी थिएट्रिकल राइट्स मिलाकर फिल्म ने रिलीज से पहले ही 425 करोड़ रुपये का पक्का बिजनेस सुनिश्चित कर लिया है।
डिजिटल, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स से बंपर कमाई
थिएट्रिकल अधिकारों के अलावा गैर-थिएट्रिकल अधिकारों से भी निर्माताओं को बड़ी रकम मिली है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने ‘किंग’ के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स करीब 150 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं।
इसके अलावा फिल्म के म्यूजिक राइट्स 65 करोड़ रुपये और सैटेलाइट टीवी प्रसारण अधिकार 25 करोड़ रुपये में बेचे गए हैं। इन सभी वित्तीय आंकड़ों को जोड़ने पर फिल्म का कुल प्री-रिलीज कारोबार लगभग 665 करोड़ रुपये तक पहुंचता है। इस तरह फिल्म ने रिलीज से 51 दिन पहले ही अपने कुल उत्पादन लागत की भरपाई कर ली है।