New Delhi News: टाटा संस की 26 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक टलकर अब 30 नवंबर को होगी। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने एजेंडा देर से मिलने पर आपत्ति जताई थी। बैठक में कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग यानी आईपीओ पर चर्चा होनी है, लेकिन इस मुद्दे पर निदेशक मंडल दो गुटों में बंटा हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, नोएल टाटा ने कंपनी को लिखे पत्र में कहा कि बोर्ड बैठक का एजेंडा निर्धारित समय से सात दिन पहले नहीं दिया गया। एजेंडा सिर्फ चार दिन पहले बोर्ड एप्लिकेशन पर अपलोड किया गया, जबकि कंपनी अधिनियम और सेक्रेटेरियल स्टैंडर्ड्स के तहत निदेशकों को कम से कम सात दिन का समय मिलना चाहिए। उन्होंने महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच के लिए और समय मांगा।
इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। एजेंडे में आरबीआई का लिस्टिंग मैंडेट, शपूरजी पल्लोनजी (एसपी) ग्रुप के लिए 25,000 करोड़ रुपये का इंतजाम, तिमाही वित्तीय खाते और कुछ समूह कंपनियों की बिजनेस योजनाओं की समीक्षा शामिल है। टाटा संस को आरबीआई के गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) से जुड़े नियमों के तहत लिस्टिंग संबंधी निर्देशों का जवाब देना है।
निदेशक मंडल दो गुटों में बंटा
टाटा संस का निदेशक मंडल दो गुटों में बंटा हुआ है। एक गुट इस बैठक में आईपीओ के प्रस्ताव को मंजूरी देने की तैयारी में था। इस समूह में मुख्य रूप से चेयरमैन एन चंद्रशेखरन, टाटा ट्रस्ट्स के नोमिनी वेणु श्रीनिवासन, सीएफओ सौरभ अग्रवाल, हरीश मानवानी और अनिता मारंगोली जार्ज शामिल हैं।
सितंबर 2026 की बैठक में भी इन्हीं निदेशकों ने बहुमत से लिस्टिंग की दिशा में कदम बढ़ाने और चंद्रशेखरन के कार्यकाल को आगे बढ़ाने का समर्थन किया था। नोएल टाटा अकेले विपक्ष में रहे थे। सूत्रों के मुताबिक यह समीकरण अभी भी वैसा ही है।
नोएल टाटा ने दिया वैकल्पिक प्रस्ताव
सूत्रों का कहना है कि नोएल टाटा अभी भी इस बात पर अडिग हैं कि आईपीओ को लेकर इतनी जल्दी आगे नहीं बढ़ना चाहिए। वे आरबीआई के लिस्टिंग निर्देश को यथासंभव टालने की कोशिश चाहते हैं और बोर्ड से अन्य विकल्पों पर विचार करने की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने वैकल्पिक पुनर्गठन योजना का प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत टाटा इलेक्ट्रोनिक्स सिस्टम्स सोल्यूशंस (टीईएसएस) और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) जैसी कंपनियों को टाटा संस में मिलाकर कंपनी को ऑपरेटिंग कंपनी बनाया जाए। इससे कंपनी ऊपरी परत एनबीएफसी की श्रेणी से बाहर निकल सकती है और लिस्टिंग से बच सकती है।
आरबीआई ने 16 नवंबर 2026 को समूह को लिखे पत्र में स्पष्ट किया कि लिस्टिंग सहित सभी लागू नियमों का पालन करना होगा। इसका मकसद देश की वित्तीय व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बड़ी एनबीएफसी में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है।
सूत्रों के मुताबिक आईपीओ को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है और यह मामला लंबे समय तक उलझा रह सकता है। ऐसे में 30 नवंबर को होने वाली बैठक के हंगामेदार रहने की संभावना है।