National News: टीवी धारावाहिक रामायण से घर-घर पहुंचने वाले रामानंद सागर के जीवन से जुड़ी एक पुरानी भविष्यवाणी फिर चर्चा में है। जवानी में टीबी से जूझते हुए कश्मीर के अस्पताल में उनकी मुलाकात एक फकीर से हुई थी, जिसने कहा था कि वह राम की कहानी हर घर तक पहुंचाएंगे। सालों बाद यह बात सच साबित हुई।
रामानंद सागर का जन्म 29 दिसंबर 1917 को लाहौर में हुआ था। उस समय उनका नाम चंद्रमौली चोपड़ा था। जन्म के कुछ समय बाद उनके दादाजी परिवार के साथ कश्मीर में बस गए। इसी दौरान छोटे चंद्रमौली की मां का निधन हो गया। एक निसंतान मामा ने उनका पालन-पोषण किया और उनका नाम बदलकर रामानंद सागर रख दिया। उन्होंने कश्मीर में शुरुआती पढ़ाई की और संस्कृत के ज्ञाता बने। इस विषय में उन्होंने गोल्ड मेडल भी हासिल किया था।
फकीर से मुलाकात और भविष्यवाणी
रामानंद सागर के साथ काम करने वाले संदीप मोहन ने नारद यूट्यूब चैनल को दिए एक इंटरव्यू में यह किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया कि यह किस्सा उन्हें खुद रामानंद सागर ने सुनाया था। संदीप मोहन के मुताबिक, जवानी में रामानंद सागर टीबी जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए थे। कश्मीर के एक टीबी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और वहीं उनकी मुलाकात एक फकीर से हुई।
संदीप मोहन ने बताया कि फकीर ने जवान रामानंद सागर से कहा था कि वह भविष्य में राम की कहानी हर घर तक पहुंचाएंगे। उस समय उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और अपने काम में व्यस्त हो गए। टीबी से वह ठीक भी हो चुके थे। उन्होंने अपना समय फिल्म बनाने और लेखन में लगाया। उन्होंने कहानियां और उपन्यास लिखे और फिल्मों में लेखन का काम भी किया। फकीर की भविष्यवाणी वह भूल चुके थे।
हादसे के बाद याद आई फकीर की बात
रामानंद सागर फिल्मों के काम में लग गए, लेकिन फिल्में नहीं चल रही थीं और कोई काम नहीं बन रहा था। इसी दौरान वह अपने तकनीशियन के साथ गाड़ी से पुणे जा रहे थे। एक पतले पुल से गुजरते समय गाड़ी पुल से नीचे गिर गई। यह गंभीर हादसा था। संदीप मोहन के मुताबिक, गाड़ी में मौजूद बाकी सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन रामानंद सागर बच गए। सही-सलामत उठते ही उनके दिमाग में फकीर की भविष्यवाणी आ गई, जिसमें कहा गया था कि राम का नाम घर-घर पहुंचना है।
इसके बाद रामानंद सागर ने 1987 में टीवी पर रामायण बनाई, जो अमर हो गई। इस धारावाहिक ने देशभर के लोगों को भगवान राम के ऐसे रूप से जोड़ा, जिसकी प्रसिद्धि दुनियाभर में फैली।
ज्योतिष की भविष्यवाणी भी हुई सच
रामानंद सागर की कुंडली देखने के बाद 1976 में एक और भविष्यवाणी हुई थी। बड़े फिल्म प्रोड्यूसर और ज्योतिष श्री जय गोपाल मोहला ने कुंडली देखकर बताया था कि रामानंद सागर आने वाले समय में टीवी विजुअल मीडिया के जरिए दुनियाभर में आध्यात्मिकता फैलाएंगे। दोनों ही भविष्यवाणियां सच साबित हुईं। 80 और 90 के दशक में रामानंद सागर ने रामायण के अलावा श्री कृष्णा, लव कुश, जय गंगा मैया, जय महालक्ष्मी और साईं बाबा जैसे भक्ति से भरे टीवी शो बनाए।