‘रामायण’ में भगवान इंद्र की भूमिका के लिए कुणाल कपूर को मिल रही वैश्विक सराहना, अभिनेता ने जताया आभार

Share

- Advertisement -

New Delhi News: अभिनेता कुणाल कपूर ने फिल्म ‘रामायण’ में भगवान इंद्र की भूमिका के लिए मिल रही सराहना पर दर्शकों का आभार जताया है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर कहा कि भारत के साथ-साथ थाईलैंड और पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया से मिल रहे प्यार से वह अभिभूत हैं।

अभिनेता कुणाल कपूर ने फिल्म ‘रामायण’ में अपने अभिनय को लेकर दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया है। इस फिल्म में कुणाल कपूर ने भगवान इंद्र की भूमिका निभाई है। यह फिल्म 5 नवंबर को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

प्राचीन महाकाव्य ‘रामायण’ पर आधारित दो भागों वाली इस फिल्म श्रृंखला के पहले भाग में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश सहित कई प्रमुख कलाकारों ने अभिनय किया है। कुणाल कपूर ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपने किरदार का पोस्टर साझा करते हुए दुनिया भर के दर्शकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया से मिल रही प्रतिक्रिया पर क्या बोले कुणाल?

अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कुणाल कपूर ने लिखा, “भारत, थाईलैंड और पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ-साथ दुनिया के कई ऐसे हिस्सों से भगवान इंद्र के लिए मिल रहे प्यार से मैं अभिभूत हूं, जहां से प्रतिक्रिया मिलने की मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।”

उन्होंने आगे कहा, “आप सभी का दिल से धन्यवाद। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अच्छी कहानियां हम सभी को जोड़ने का काम करती हैं और हमारी संस्कृतियों में ऐसी कई कहानियां हैं, जिनके बारे में हमें शायद एहसास भी नहीं है। यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है कि ‘रामायण’ जैसी कालजयी गाथा को दुनिया भर में इतना प्यार मिल रहा है।”

प्रशंसकों और कलाकारों का भी किया धन्यवाद

कुणाल कपूर ने अपने किरदार से प्रेरित होकर कलाकृतियां बनाने वाले कलाकारों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “उन सभी शानदार कलाकारों का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने इतनी खूबसूरत कलाकृतियां बनाई हैं और अब भी बना रहे हैं। मुझे खेद है कि मैं आप सभी के सोशल मीडिया हैंडल नहीं जानता, लेकिन मैंने आपकी कलाकृतियां देखी हैं और वे मेरे लिए बहुत मायने रखती हैं।”

फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम की यात्रा, उनके वनवास, रावण द्वारा माता सीता के अपहरण और अच्छाई व बुराई की शक्तियों के बीच होने वाले युद्ध की कथा को दर्शाया गया है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हैंस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके एक्शन दृश्यों का निर्देशन टेरी नोटरी और गाइ नॉरिस की टीम ने किया है।

Read more

Related News