Mumbai News: जाने-माने निर्देशक इम्तियाज अली की बहुचर्चित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाने के लिए तैयार है। यदि आप इस इमोशनल और रोमांटिक ड्रामा को बड़े पर्दे पर देखने से चूक गए थे, तो अब आप इसे घर बैठे देख सकते हैं।
जानिए कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी फिल्म
इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ आगामी 7 अगस्त को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने जा रही है। इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। सिनेमाघरों में रिलीज के दौरान दर्शकों ने इस फिल्म को बेहद पसंद किया था।
यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और दर्शकों को यह काफी भावुक कर गई। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आए थे जिनमें दर्शक थिएटर्स में रोते हुए नजर आए। खुद इम्तियाज अली ने देश के विभिन्न शहरों के सिनेमाघरों में जाकर दर्शकों से सीधे संवाद किया था और उनकी प्रतिक्रियाएं ली थीं।
भारत-पाक विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है फिल्म का प्लॉट
फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दर्द और बिछड़े प्रेमियों के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में दिलजीत दोसांझ ने नसीरुद्दीन शाह के पोते का किरदार निभाया है, जो अपने बीमार दादा की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए सीमा पार जाता है। वेदांग रैना ने युवा नसीरुद्दीन शाह और शरवरी वाघ ने उनकी प्रेमिका की भूमिका निभाई है।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने की इतने करोड़ की रिकॉर्ड कमाई
बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो ‘मैं वापस आऊंगा’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 64.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज किया। फिल्म ने पहले हफ्ते 12.25 करोड़, दूसरे हफ्ते 22.55 करोड़, तीसरे हफ्ते 17.45 करोड़ और चौथे हफ्ते 7.85 करोड़ का कारोबार किया। पांचवें हफ्ते में 3.02 करोड़ और छठे हफ्ते में 1.32 करोड़ की कमाई हुई।
थिएट्रिकल रन के अंतिम दौर में 43वें दिन फिल्म ने 7 लाख रुपये और 44वें दिन 16 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 70.17 करोड़ रुपये रहा। वहीं, वर्ल्डवाइड लेवल पर इस फिल्म ने कुल 90.47 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया।