दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मेयर कार्यालय को आया ईमेल

Share

- Advertisement -

Indore News: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में प्रस्तावित कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इंदौर के महापौर कार्यालय को ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे गए एक ईमेल में यह धमकी दी गई है। इसके साथ ही शहर के तीन स्कूलों को भी बच्चों को कार्यक्रम में न भेजने की चेतावनी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के आगामी इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। 15 नवंबर को शहर के सी-21 ग्राउंड पर आयोजित होने वाले शो को रद्द करने और कार्यक्रम स्थल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के आधिकारिक ईमेल पते पर भेजी गई है।

महापौर ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि धमकी भरा ईमेल ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ नामक खाते से प्राप्त हुआ है। इसके अलावा शहर के तीन निजी स्कूलों को भी ऐसे ही चेतावनी भरे संदेश भेजे गए हैं, जिनमें बच्चों को इस कॉन्सर्ट में न भेजने की बात कही गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरा मामला तत्काल इंदौर पुलिस कमिश्नर को सौंप दिया गया है।

महापौर ने पुलिस को सौंपा मामला, सुरक्षा को लेकर आश्वस्त

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि ईमेल में कुछ संदिग्ध नामों के साथ आपत्तिजनक सामग्री लिखी गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम या मेयर कार्यालय से कार्यक्रमों की आवश्यक स्वीकृतियां जारी होती हैं, संभवतः इसी कारण इस पते पर मेल भेजा गया होगा।

महापौर ने कहा, “दिलजीत दोसांझ का शो न हो, इसको लेकर मेरे ईमेल पर धमकी भरा संदेश आया था, जिसे मैंने पुलिस कमिश्नर को भेज दिया है। इंदौर पुलिस ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। शहर में देशभक्त नागरिकों और कलाकारों के सांस्कृतिक आयोजन लगातार होते रहेंगे और ऐसी धमकियों से अच्छे कार्यक्रमों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”

‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा है इंदौर कॉन्सर्ट

दिलजीत दोसांझ वर्तमान में अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत देश के विभिन्न शहरों में संगीत कार्यक्रम कर रहे हैं। हाल ही में दिल्ली में सफल आयोजन के बाद 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 ग्राउंड में उनका शो निर्धारित है, जिसके टिकटों की बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।

इंदौर के बाद इस टूर के तहत चंडीगढ़ और कोलकाता में भी कार्यक्रमों की योजना है, जबकि इस दौरे का अंतिम शो 31 दिसंबर को अबू धाबी में प्रस्तावित है। धमकी भरे ईमेल के सामने आने के बाद इंदौर पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है तथा आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

Read more

Related News