New Delhi News: निर्देशक स्नेहा शेट्टी कोहली ने भुवन बाम की सीरीज ‘ढिंढोरा’ के दूसरे सीजन के निर्देशन की चुनौतियों पर बात की है। उन्होंने कहा कि पहले सीजन से दर्शकों की उम्मीदें ज्यादा थीं, इसलिए दबाव था, लेकिन वह इसे सकारात्मक रूप में देखती थीं। उनका मकसद शो की मूल भावना बनाए रखते हुए उसे नेटफ्लिक्स के मंच तक ले जाना था।
भुवन बाम की सीरीज ‘ढिंढोरा’ अपने पहले सीजन से ही दर्शकों के बीच खास जगह बना चुकी है। इसके किरदारों और कहानी को मिले प्यार के बाद दूसरे सीजन से भी लोगों को काफी उम्मीदें थीं। ऐसे में इस बार निर्देशन की जिम्मेदारी संभालने वाली स्नेहा शेट्टी कोहली के सामने एक बड़ी चुनौती थी। उन्हें न सिर्फ शो की पुरानी पहचान और कॉमेडी का अंदाज बनाए रखना था, बल्कि कहानी में अपना रचनात्मक नजरिया भी शामिल करना था।
‘ढिंढोरा’ सिर्फ शो नहीं, कई लोगों का इमोशन है
सीजन 2 के निर्देशन से जुड़ी चुनौतियों पर बात करते हुए स्नेहा ने कहा, “बिल्कुल, दबाव था, लेकिन एक सकारात्मक दबाव। पहला सीजन सिर्फ एक शो नहीं था, बल्कि कई लोगों के लिए एक इमोशन था। दर्शक ‘बीबी की वाइन्स’ के इन किरदारों को देखते हुए बड़े हुए हैं। इसलिए मुझे पता था कि पहले जो सफल रहा है, हम सिर्फ उसे दोहरा नहीं सकते थे।”
नेटफ्लिक्स पर बड़ी हुई ‘ढिंढोरा’ की दुनिया
स्नेहा के मुताबिक, दूसरे सीजन में सबसे अहम बात शो की मूल पहचान को बनाए रखना था। उन्होंने कहा, “हमारी जिम्मेदारी ‘ढिंढोरा’ की मूल भावना को बरकरार रखते हुए उसे नेटफ्लिक्स के जरिए एक बड़े मंच पर ले जाने की थी। मैं खुद को लगातार याद दिलाती रही कि अगर दर्शकों को ऐसा महसूस हो कि वे अपने घर वापस लौट रहे हैं, बस इस बार घर थोड़ा बड़ा हो गया है और उसमें थोड़ी ज्यादा उथल-पुथल है, तो समझिए हमने अपना काम सही तरीके से किया है।”
स्नेहा शेट्टी कोहली इससे पहले ‘गेंदा फूल’ और ‘नागिन’ जैसे चर्चित म्यूजिक वीडियोज का निर्देशन कर चुकी हैं। ‘ढिंढोरा’ के दूसरे सीजन के जरिए उन्होंने वेब सीरीज के निर्देशन में अपनी रचनात्मक सोच को एक नए स्तर पर पेश किया है। सीरीज को समीक्षकों और प्रशंसकों से मिली सराहना के बीच स्नेहा के लिए यह अनुभव खास रहा है।
‘ढिंढोरा 2’ 20 नवंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस सीजन में कुल 8 एपिसोड हैं, जिनमें भुवन बाम ने टीटू मामा, बबलू जी, जानकी, समीर और बंचो समेत नौ अलग-अलग किरदार निभाए हैं। इस बार कहानी के केंद्र में टीटू मामा हैं, जबकि संजीदा शेख उनकी पत्नी कविता मामी की भूमिका में नजर आ रही हैं।