Prayagraj News: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 नवंबर कर दी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद लिए गए इस निर्णय के तहत अभ्यर्थी 30 नवंबर तक अपने आवेदन फॉर्म में संशोधन भी कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को बड़ी राहत मिली है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब अभ्यर्थी 23 नवंबर के स्थान पर 28 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने यह निर्णय इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल एक याचिका पर पारित आदेश के बाद लिया है।
आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह की ओर से इस संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें पांच दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है। इसके साथ ही, पहले से आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को अपने फॉर्म में त्रुटि सुधार या संशोधन करने के लिए 30 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है।
23 अक्टूबर को जारी हुआ था भर्ती का विज्ञापन
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने टीजीटी भर्ती के लिए 23 अक्टूबर 2026 को विज्ञापन संख्या 07/2026 जारी किया था, जिसके बाद 24 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर तय की गई थी।
23 और 24 दिसंबर को आयोजित होगी परीक्षा
आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने के बावजूद परीक्षा कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। टीजीटी भर्ती परीक्षा का आयोजन पूर्व निर्धारित तिथियों यानी 23 और 24 दिसंबर 2026 को ही किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जारी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और तय समयसीमा के भीतर आवेदन व संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद कोई अवसर नहीं दिया जाएगा।