रानी माहेश्वरी की याद में दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों को सालाना एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी

Share

- Advertisement -

Delhi News: दिल्ली विश्वविद्यालय ने होनहार छात्रों के लिए वार्षिक छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इसके तहत चुने गए बीकॉम ऑनर्स के एक छात्र और एक छात्रा को हर साल 51 हजार रुपये से 1.02 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी। यह छात्रवृत्ति दिवंगत प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी की पत्नी रानी माहेश्वरी के 21 लाख रुपये के योगदान से शुरू हुई है।

इस छात्रवृत्ति का नाम प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी एनुअल मेमोरियल स्कॉलरशिप रखा गया है। शुरुआती 11 वर्षों (2026-36) तक हर चयनित छात्र को सालाना 51 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद के 10 वर्षों (2037-46) के लिए यह राशि बढ़कर 1.02 लाख रुपये प्रति छात्र हो जाएगी। इस प्रस्ताव को विश्वविद्यालय के कुलपति ने मंजूरी दे दी है।

छात्रवृत्ति की राशि और स्मारक व्याख्यान

इस योगदान से दिल्ली विश्वविद्यालय का वाणिज्य विभाग हर साल एक स्मारक व्याख्यान भी आयोजित करेगा। पहले 11 वर्षों तक इसके लिए हर साल 25 हजार रुपये और उसके बाद के 10 वर्षों तक हर साल 50 हजार रुपये का अलग बजट रखा गया है। छात्रवृत्ति के पुरस्कार इसी वार्षिक स्मारक व्याख्यान के दौरान दिए जाएंगे।

कौन कर सकता है आवेदन

यह छात्रवृत्ति दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में पढ़ रहे नियमित बीकॉम ऑनर्स छात्रों के लिए है। आवेदन करने वाले छात्रों के हालिया सेमेस्टर परिणामों में कम से कम 6.5 सीजीपीए होना चाहिए और उनकी उपस्थिति कम से कम 75 प्रतिशत होनी चाहिए।

शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए छात्र के परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इसके बाद हर साल आय की यह सीमा 25 हजार रुपये बढ़ा दी जाएगी। जिन छात्रों के खिलाफ नकल या फर्जीवाड़े का मामला दर्ज है या जिन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई है, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे।

जो छात्र पहले से दिल्ली विश्वविद्यालय, किसी अन्य शिक्षण संस्थान, केंद्र या राज्य सरकार अथवा किसी निजी संस्था से कोई छात्रवृत्ति या फेलोशिप ले रहे हैं, वे भी आवेदन नहीं कर सकते। हालांकि, फीस में छूट पाने वाले छात्र आवेदन के पात्र होंगे।

आवेदन की प्रक्रिया

आवेदन दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से तय प्रक्रिया के जरिए ही मांगे जाएंगे। कॉलेज इस सूचना को छात्रों तक पहुंचाएंगे और आवेदकों के शैक्षणिक रिकॉर्ड, उपस्थिति, अनुशासनात्मक स्थिति और आय संबंधी दस्तावेजों की जांच करके पूरे आवेदन विश्वविद्यालय को भेजेंगे।

तीन सदस्यीय समिति आवेदनों की जांच करेगी और लाभार्थियों की सिफारिश करेगी। इस समिति में वाणिज्य विभाग के प्रमुख और डीन, छात्र कल्याण डीन या उनके नामित व्यक्ति तथा यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली फाउंडेशन के सीईओ शामिल होंगे।

कौन हैं रानी माहेश्वरी

रानी माहेश्वरी दिल्ली विश्वविद्यालय के दिवंगत प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी की पत्नी हैं। वह दिल्ली में रहती हैं और सामाजिक व जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहती हैं। वह प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड में पर्सोनल ऑफिसर के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं।

रानी माहेश्वरी इससे पहले डीटीयू को भी बड़ा दान दे चुकी हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News