पेपर लीक पर सख्ती की तैयारी, महाराष्ट्र समिति का प्रस्ताव- 10 साल जेल और 10 करोड़ का जुर्माना

Share

- Advertisement -

Mumbai News: महाराष्ट्र सरकार की ओर से भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था की समीक्षा के लिए गठित समिति ने प्रश्नपत्र लीक रोकने के लिए सात से 10 साल की जेल, कम से कम 10 करोड़ रुपये का जुर्माना, संपत्ति जब्त करने और त्वरित अदालतें बनाने की सिफारिश की है। समिति ने अपनी दूसरी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता वाली समिति ने राज्य सरकार को अपनी दूसरी रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें प्रश्नपत्र लीक के मामलों की जांच के लिए विशेष कार्यबल यानी एसटीएफ गठित करने और महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क पूरी तरह वापस करने का भी प्रस्ताव दिया गया है। रिपोर्ट में यह भी प्रस्ताव है कि यदि उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए दी गई आपत्ति सही पाई जाती है, तो इसके लिए चुकाई गई फीस वापस कर दी जाए।

परीक्षा में पारदर्शिता पर जोर

प्रश्नपत्र लीक को रोकने के लिए समिति ने ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को सात से 10 साल की जेल, कम से कम 10 करोड़ रुपये का जुर्माना और उनकी संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव दिया है। परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर देते हुए समिति ने जिलाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने और परीक्षा केंद्रों का अलग डेटाबेस या ‘वेन्यू बैंक’ तैयार करने की सिफारिश की है।

इस महीने की शुरुआत में समिति ने राज्य सरकार को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए कई उपाय सुझाए गए थे।

MPSC की भर्तियों को लेकर भी सुझाव

कड़े दंड की सिफारिशों के अलावा समिति ने MPSC की समूह-सी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2026 में रिक्तियों की संख्या बढ़ाकर 16,000 से अधिक करने और सभी भर्ती परीक्षाओं में अधिकतम आयु सीमा में एक बार के लिए एक साल की छूट देने का भी सुझाव दिया है। MPSC परीक्षाओं में अनियमितताओं और गड़बड़ियों के आरोपों तथा अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शनों के बीच इस समिति का गठन चार सितंबर को किया गया था।

इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि समिति ने परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने, परीक्षा केंद्रों की तैयारी कैसी हो तथा कानून को और सख्त बनाने के संबंध में सिफारिशें दी हैं। उन्होंने कहा, ‘हम राज्य विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में यह कानून लाने और विधेयक पारित कराने का प्रयास करेंगे।’

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News