सिरमौर की बेटी महक शर्मा ने फलित ज्योतिष की राष्ट्रीय परीक्षा में हासिल किया दूसरा स्थान, बढ़ाया राज्य का मान

Share

- Advertisement -

Sirmour News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की बेटी महक शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उन्होंने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से आचार्य (फलित ज्योतिष) की परीक्षा में 9.33 सीजीपीए हासिल कर पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

सरकारी स्कूलों से पढ़ाई कर हासिल की बड़ी कामयाबी

पच्छाद उपमंडल की लाना मियूँ पंचायत की निवासी महक शर्मा की शुरुआती पढ़ाई पूरी तरह सरकारी संस्थानों से हुई है। उन्होंने दसवीं बसाहं स्कूल से और 12वीं राजगढ़ से पास की। इसके बाद उन्होंने नाहन कॉलेज से शास्त्री तथा कांगड़ा स्थित वेद व्यास परिसर से बीएड और आचार्य की डिग्री हासिल कर यह बड़ी सफलता अर्जित की है।

बिना कोचिंग और स्वाध्याय के बल पर बनाया रिकॉर्ड

इस राष्ट्रीय परीक्षा में देश के 14 केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालयों और 5 संबद्ध महाविद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया था। महक ने बिना किसी कोचिंग के केवल अपनी कड़ी मेहनत और स्वाध्याय के बल पर यह स्थान प्राप्त किया है। वे अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन को देती हैं।

महक शर्मा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि वे एक साधारण परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पिता ओम प्रकाश शर्मा जिला न्यायवादी कार्यालय नाहन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वहीं उनकी माता लीला शर्मा आशा वर्कर के रूप में सेवाएं दे रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद महक की इस बड़ी सफलता ने पूरे हिमाचल को गौरवान्वित किया है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News