Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के तहत बीटेक और एमसीए पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 12 अगस्त तक अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यूपीटीएसी काउंसलिंग के बाद बची सीटों पर डायरेक्ट दाखिला
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि यूपीटीएसी 2026 (UPTAC) काउंसलिंग के बाद खाली रह गईं सीटों पर विश्वविद्यालय अपने स्तर से सीधे दाखिले ले रहा है। इसके तहत बीटेक व एमसीए के प्रथम वर्ष और लेट्रल एंट्री के जरिए द्वितीय वर्ष में सीधे प्रवेश पाने का मौका दिया जा रहा है।
दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है, जहां से अभ्यर्थी इसे आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को भरा हुआ आवेदन पत्र 1600 रुपये के बैंक ड्राफ्ट के साथ 7 अगस्त तक अधिष्ठाता अभियांत्रिकीय एवं तकनीकी संकाय के कार्यालय में जमा करना होगा।
इन बीटेक और एमसीए पाठ्यक्रमों में मिल रहा है प्रवेश
लखनऊ विश्वविद्यालय सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक कोर्स ऑफर कर रहा है। इसके अलावा दो वर्षीय मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (MCA) कोर्स में भी सीधे दाखिले का अवसर उपलब्ध है।
पाठ्यक्रमों की प्रति सेमेस्टर फीस और जरूरी दस्तावेज
विश्वविद्यालय द्वारा तय शुल्क ढांचे के अनुसार बीटेक पाठ्यक्रम की फीस 60,180 रुपये प्रति सेमेस्टर और एमसीए की फीस 56,180 रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र के साथ अभ्यर्थियों को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, बीसीए, बीएससी या डिप्लोमा के स्वहस्ताक्षरित सर्टिफिकेट और 1 अप्रैल 2026 के बाद का जाति प्रमाण पत्र लगाना होगा।
बीटेक, एमसीए और लेट्रल एंट्री के लिए पात्रता मानदंड
बीटेक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स विषय होना अनिवार्य है। एमसीए के लिए बीसीए, बीएससी (आईटी/सीएस) या 10+2/स्नातक स्तर पर गणित विषय के साथ 50% अंकों (एससी/एसटी के लिए 45%) में स्नातक डिग्री होना आवश्यक है।
बीटेक लेट्रल एंट्री के लिए उम्मीदवारों के पास न्यूनतम 45% अंकों (एससी/एसटी के लिए 40%) के साथ इंजीनियरिंग में डिप्लोमा, बीएससी (गणित के साथ) या डी.वॉक डिग्री होनी चाहिए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर विश्वविद्यालय मेरिट सूची जारी करेगा, जिसके अनुसार अंतिम प्रवेश दिए जाएंगे।